सागर धनखड़ हत्याकांड : पहलवान सुशील पर आरोप तय

पहलवान सुशील
पहलवान सुशील

कोर्ट ने दिया बड़ा फैसला, सुशील कुमार सहित 20 अन्य बनाए आरोपी

नई दिल्ली। सागर धनखड़ हत्याकांड में दिल्ली की एक कोर्ट ने पहलवान और ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार समेत 20 लोगों के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास व अन्य मामलों में आरोप तय कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, इन आरोपियों में दो आरोपी फरार चल रहे हैं। सभी के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, दंगा, गैरकानूनी रूप से इक_ा होने व अन्य आरोप तय किए गए हैं।

जूनियर पहलवान सागर (23) को सुशील और अन्य पहलवानों मिलकर कथित तौर पर अगवा कर लिया था और 4 मई 2021 की रात को छत्रसाल स्टेडियम में उसकी पिटाई की थी, जिसके चलते बाद में सागर की मौत हो गई थी। इसी केस में पुलिस ने सुशील कुमार को गिरफ्तार किया था।

पहलवान सुशील
पहलवान सुशील

सागर धनखड़ हत्याकांड टाइमलाइन

साल 2021

4-5 मई: छत्रसाल स्टेडियम के अंदर 18 आरोपियों ने जूनियर पहलवानों के साथ मारपीट की। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की।

22 मई: लगभग 20 दिनों तक फरार रहने के बाद सुशील कुमार को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

6 अगस्त: दिल्ली पुलिस ने सुशील कुमार और उनके सहयोगियों के खिलाफ हत्या, अपहरण और आपराधिक साजिश के आरोप में आरोप पत्र दायर किया।

4 अक्टूबर: सुशील कुमार ने जमानत के लिए अदालत में अर्जी दी।

5 अक्टूबर: ओलंपियन सुशील कुमार के खिलाफ प्रथमदृष्टया साक्ष्य के आधार पर अदालत ने जमानत याचिका खारिज कर दी।

साल 2022

4 फरवरी: सुशील कुमार ने दिल्ली उच्च न्यायालय में नई जमानत याचिका दायर की।

15 फरवरी: दिल्ली हाई कोर्ट में एक याचिका दाखिल की गई। याचिका में गवाहों की सुरक्षा के लिए मामले को रोहिणी अदालत से स्थानांतरित करने की मांग की गई थी।

02 मई: दिल्ली हाई कोर्ट ने मामले को स्थानांतरित करने का फैसला किया। दिल्ली पुलिस ने अदालत और उसके आसपास गवाहों की सुरक्षा बढ़ा दी।

01 अक्टूबर: रोहिणी कोर्ट ने एफएसएल रिपोर्ट लंबित मामले पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया।

04 अक्टूबर: दिल्ली पुलिस को अंतत: एफएसएल रिपोर्ट प्राप्त हुई और वह रिपोर्ट के आधार पर एक पूरक चार्जशीट दाखिल करेगी।

यह भी पढ़ें : मुस्लिम प्राचार्य की नई करतूत, स्कूल में बनवा दी मजार