
नीतीश कुमार के करीबी हैं संजय झा
पटना। जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बड़ा फैसला लिया है। कुमार ने सर्वसम्मति से अपने करीबी संजय झा को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। संजय झा को नीतीश कुमार का खास माना जाता है और अब उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिली है।
अब पार्टी का कामकाज देखेंगे
कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद झा अब जदयू का कामकाज देखेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद अब भी नीतीश कुमार के पास ही है। ऐसे में किसी भी बड़े फैसले पर अंतिम मुहर नीतीश कुमार की ही होगी। संजय को जदयू का कार्यकारी अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव खुद नीतीश कुमार ने रखा, जिसके बाद सर्वसम्मति से झा को यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
रविवार तक चलेगी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक
जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक दिल्ली में रविवार तक चलेगी। बैठक में बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर मिशन-2025 की तैयारी पर चर्चा हुई। जदयू के नेताओं ने कहा कि इस बैठक में अलग-अलग राज्यों की पार्टी इकाई की ओर से संगठन को मजबूत बनाए जाने को लेकर कई सुझाव दिए गए। बैठक में सभी ने सहमति जताई कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में पार्टी आगे भी चलती रहेगी।
संजय झा के भाजपा नेताओं से अच्छे समीकरण
झा को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने का निर्णय बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि उन्हें बीजेपी नेताओं और नेतृत्व के साथ अच्छे समीकरण के लिए जाना जाता है। झा पार्टी के राज्यसभा सांसद भी हैं। उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के फैसले को लेकर पार्टी सूत्रों ने कहा कि संजय झा भाजपा से अच्छी डील हासिल करने और दोनों पार्टियों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखने के लिए सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं।
यह भी पढ़ें:राजकोट में दिल्ली जैसा हादसा