
अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद-केवडिया के बीच सी-प्लेन सर्विस की शुरुआत 31 अक्टूबर को की थी, लेकिन एक महीने में ही यह सर्विस बंद हो गई। सी-प्लेन को मेंटेनेंस के लिए शनिवार को मालदीव भेज दिया गया।
इसकी वापसी कब होगी, इस बारे में अधिकारी फिलहाल चुप हैं। सी-प्लेन ऑपरेटर कंपनी स्पाइसजेट के कम्युनिकेशन ऑफिसर आनंद देव ने बताया कि प्लेन मेंटेनेंस के लिए भेजा गया है। इसमें कुछ दिन लग सकते हैं। इससे पहले भी 2 बार सर्विस बंद की गई थी।

31 अक्टूबर को उद्घाटन के बाद 1 नवंबर से जनता के लिए सी-प्लेन सर्विस शुरू कर दी गई थी। इन 28 दिनों में सर्विस पहले भी दो बार 3-3 दिन के लिए बंद कर दी गई थी। उस दौरान कहा गया था कि क्रू मेंबर को आराम देने के लिए ऐसा किया जा रहा है।

सी-प्लेन सर्विस देश में पहली बार शुरू हुई है, लेकिन इसमें इस्तेमाल हो रहा प्लेन 50 साल पुराना है। हालांकि, इसे ऑपरेट करने वाली एयरलाइन का दावा है कि प्लेन बढयि़ा हालत में है। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने बताया था कि यह सी-प्लेन सबसे सुरक्षित एयरक्राफ्ट में से एक है। इसकी रेग्युलर सर्विस हुई है।