
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली इकाई प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा सहित नेताओं ने शीश महल विवाद को लेकर आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल के आवास के पास विरोध प्रदर्शन किया। दिल्ली भाजपा सांसद मनोज तिवारी और हाल ही में पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व आप नेता कैलाश गहलोत भी विरोध प्रदर्शन में मौजूद थे।
बीजेपी कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर पुलिस बैरिकेड पर चढ़ते दिखे. पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। सचदेवा ने एक्स पर लिखा कि अब भाजपा कार्यकर्ताओं का संघर्ष रंग ला रहा है, कार्यकर्ताओं के संघर्ष ने केजरीवाल की नींद उड़ा दी है; राजतंत्र का अनुभव करके सत्ता का सुख भोगने वाले केजरीवाल को ज्ञात होना चाहिए कि भारत लोकतांत्रिक देश है
वहीं, पूर्व आप और अब भाजपा नेता कैलाश गहलोत ने कहा कि दिल्ली सरकार के लंबित कार्यों के कारण दिल्ली के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और विश्वास जताया कि 2025 के विधानसभा चुनावों में भाजपा सरकार बनाएगी।