शिवराज कैबिनेट का विस्तार तीन जनवरी को होगा

मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार का जल्द कैबिनेट विस्तार हो सकता है। तीन जनवरी को दोपहर 12:30 बजे राजभवन में नए मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ ले सकते हैं। माना जा रहा है कि राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

मंत्रालय ने कुछ देर पहले ही मंत्रिमंडल विस्तार की सूचना राजभवन भेजी है। राजभवन ने इसकी पुष्टि कर दी है। मध्यप्रदेश के मुख्य न्यायाधीश मोहम्मद रफीक का शपथ ग्रहण समारोह अपराह्न 3:00 बजे राजभवन में होने की संभावना है। बता दें कि राज्य में हुए उपचुनाव के परिणाम 10  नवंबर को आए हैं।

परिणाम आने के बाद से ही शिवराज मंत्रिमंडल के विस्तार का इंतजार किया जा रहा था। इसे लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और ज्योतिरादित्य सिंधिया की चार दौर की बैठकें हुईं। सूत्रों के अनुसार शुक्रवार सुबह ही राष्ट्रीय नेतृत्व ने मंत्रिमंडल विस्तार की अनुमति दी है।

मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर शिवराज दिल्ली का भी दौरा कर चुके हैं। इसके अलावा सिंधिया के साथ कई बार मुलाकात हो चुकी है। सिलावट और राजपूत सिंधिया के करीबी हैं। इन दोनों नेताओं ने उपचुनाव से पहले मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, क्योंकि ये विधानसभा के निर्वाचित सदस्य नहीं थे। दोनों को ही मंत्री पद पर रहते हुए छह महीने पूरे हो गए थे।

Advertisement