
अब तक हम सभी ये बात अच्छी तरह से समझ चुके हैं कि सेहत को ठीक रखना है तो आहार पर विशेष ध्यान देना आवश्यक हो जाता है। हम क्या खाते हैं, कब खाते हैं इन सभी का सेहत पर सीधा असर होता है। अध्ययनों से पता चलता है कि अगर आप दिन में तीन बार भोजन करते हैं- नाश्ता, लंच और डिनर तो इसमें सुबह का नाश्ता सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। इसमें भरपेट पौष्टिक चीजों का सेवन करना चाहिए, इसके बाद लंच थोड़ा हल्का और रात का भोजन सबसे हल्का रखना अच्छा माना जाता है। अच्छी फिटनेस पाने, वजन कम करने और शरीर को स्वस्थ रखने के लिए इन दिनों स्किप डिनर काफी ट्रेंडिंग है। इसका मतलब है कि आप रात का खाना छोड़ दीजिए। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए क्या वास्तव में हमें डिनर छोड़ देना चाहिए? आइए इस बारे में समझते हैं। रात का खाना छोड़ देने से बनी रहेगी अच्छी सेहत
इंटरमिटेंट फास्टिंग और डिनर स्किप

हम अक्सर यह सुनते हैं कि “रात का खाना हल्का खाना चाहिए या जल्दी डिनर करना फायदेमंद होता है। लेकिन आजकल कुछ लोग एक कदम और आगे बढक़र डिनर ही स्किप (छोड़) कर रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है क्या डिनर स्किप करना वाकई फायदेमंद है? या यह शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है? इस संबंध में किए गए अध्ययनों पर नजर डालें तो पता चलता है कि इंटरमिटेंट फास्टिंग से डिनर स्किप करने का चलन लोकप्रिय हुआ। इसमें लोगों को 16:8 फास्टिंग करने की सलाह दी जाती है, जिसमें व्यक्ति 16 घंटे उपवास करता है और सिर्फ 8 घंटे में भोजन करता है, जो अक्सर ब्रेकफास्ट और लंच तक सीमित होता है।
क्या कहते हैं अध्ययन?
सेल मेटाबॉलिज्म जर्नल में इसी से संबंधित एक अध्ययन से पता चलता है कि डिनर स्किप करने या भोजन का समय सीमित करने से कैलोरी इनटेक कम होता है, जिससे वजन कम करने में मदद मिलती है। वहीं यूनिवर्सिटी ऑफ एलाबामा में किए गए अध्ययन से पता चलता है कि अगर दिन का अंतिम भोजन शाम 7 बजे से पहले कर लिया जाए तो ब्लड शुगर लेवल बेहतर कंट्रोल में रहता है।
डिनर छोड़ देना ठीक है या नहीं?
विशेषज्ञ कहते हैं, डिनर स्किप करने या रात में जल्दी खाने के कुछ लाभ तो जरूर हैं पर सभी लोगों के लिए पूरी तरह से डिनर स्किप करना ठीक नहीं है। शरीर को काम करने के लिए जरूरी ऊर्जा के लिए भोजन की आवश्यकता होती है। शरीर रात के समय में कोशिकाओं की मरम्मत और पुनर्निर्माण करता है। अगर आपने दिन में पर्याप्त पोषण नहीं लिया तो न सिर्फ ये प्रक्रिया बाधित हो सकती है बल्कि आपको थकावट-कमजोरी भी महसूस हो सकती है। इसके अलावा अगर आप शरीर को पर्याप्त प्रोटीन नहीं देते तो इससे मांसपेशियों की समस्याएं बढ़ सकती हैं। प्रोटीन की ही मदद से शरीर रात के समय कोशिकाओं की सही तरीके से मरम्मत करता है।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
डॉक्टर कहते हैं, अगर आपको पहले से कोई बीमारी है तो बिना अपने चिकित्सक की सलाह के भोजन बिल्कुल न छोड़ें। विशेषकर डायबिटीज वाले मरीजों के लिए ये खतरनाक हो सकता है। रात का खाना छोड़ देने ले कुछ मरीजों को लो ब्लड शुगर की समस्या हो सकती है। इसके अलावा लगातार डिनर स्किप करने के कारण महिलाओं में हार्मोनल असंतुलन का खतरा बढ़ जाता है। हार्वर्ड स्कूल ऑफ पब्लिकल हेल्थ के विशेषज्ञों के अनुसार, डिनर स्किप करना हर किसी के लिए उपयुक्त नहीं है। यह व्यक्ति की उम्र, लाइफस्टाइल और स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करता है। गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग, डायबिटीज और लो ब्लड प्रेशर के मरीज, बच्चों के लिए ये समस्या बढ़ाने वाला हो सकता है। बेहतर है कि आप डॉक्टर या डाइटीशियन से सलाह लेकर ही इस तरह के बदलाव करें।
यह भी पढ़ें : राजस्थान में बारिश का अलर्ट: 21 जिलों में तेज बारिश की संभावना