सपा का घोषणा पत्र जारी : लड़कियों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा

सपा का घोषणा पत्र : जनता का मांग पत्र- हमारा अधिकार दिया नाम

लखनऊ। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ में लोकसभा चुनाव के लिए सपा का घोषणा पत्र जारी किया। समाजवादी पार्टी का घोषणापत्र लॉन्च करते हुए पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि हमने अपने विजन डॉक्यूमेंट को जनता का मांग पत्र- हमारा अधिकार नाम दिया है। घोषणा पत्र में कहा गया है कि पार्टी की सरकार आने पर लड़कियों को केजी से पीजी तक शिक्षा मुफ्त दी जाएगी।

इस विजन डॉक्यूमेंट में मुख्य मांगें हैं – संविधान की रक्षा का अधिकार, लोकतंत्र की रक्षा का अधिकार, मीडिया की स्वतंत्रता का अधिकार और देश के विकास के लिए सामाजिक न्याय का अधिकार आवश्यक है।

जातीय जनगणना देश के विकास की धुरी

उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना के बिना समावेशी विकास संभव नहीं है। जातीय जनगणना देश के विकास की धुरी है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जाति जनगणना में देरी नहीं होनी चाहिए। हम 2025 तक जाति जनगणना कराएंगे और उसके आधार पर 2029 तक सभी के लिए न्याय और भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

किसानों को सभी फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी

उन्होंने कहा कि किसानों को सभी फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी और उसकी गणना भी स्वामीनाथन फॉर्मूले के आधार पर की जाएगी। घोषणापत्र के मुताबिक अर्धसैनिक कर्मियों सहित सभी के लिए पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) शुरू की जाएगी। अग्निवीर नीति को समाप्त किया जाएगा और सशस्त्र बलों में फिर से नियमित भर्तियां की जाएंगी।

इसे भी पढ़े : आपने तीन बार हमारे आदेशों की अनदेखी की, नतीजा भुगतना होगा: सुप्रीम कोर्ट