
भांडारेज मंडल अध्यक्ष मुकेश सैनी के नेतृत्व में आयोजित
दौसा। वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत भांडारेज गांव में शुक्रवार को विशेष सफाई अभियान चलाया गया। भाजपा भांडारेज मंडल अध्यक्ष मुकेश सैनी के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में पार्टी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, किसानों और स्थानीय ग्रामीणों ने श्रमदान कर भांडारेज बावड़ी की सफाई की।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. प्रभु दयाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान की मिट्टी में जल का महत्व केवल आवश्यकता नहीं, बल्कि जीवन का आधार है। प्रदेश में पानी की हर बूंद अमृत के समान है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में 5 से 20 जून तक चलाया जा रहा ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ न केवल पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में एक मजबूत कदम है, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा का संकल्प भी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जल संरक्षण के लिए उठाया गया हर कदम आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवनदायिनी साबित होगा।
डॉ. शर्मा ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जल संरचनाओं का जीर्णोद्धार, जल प्रदूषण में कमी, पर्यावरण के प्रति जनजागरण, भूजल स्तर में वृद्धि तथा व्यवहार में बदलाव के माध्यम से बेहतर जल प्रबंधन सुनिश्चित करना है।
मंडल अध्यक्ष मुकेश सैनी ने कहा कि राजस्थान की जल संरक्षण नीति अब न केवल राज्य बल्कि पूरे देश के लिए एक उदाहरण बन गई है। लोगों की भागीदारी और श्रमदान से पारंपरिक जल स्त्रोतों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट कम करने में मदद मिलेगी।