राष्ट्रपति से मिला सीएबीआई, पहले दृष्टिबाधित महिला टी20 विश्व कप का खाका पेश

image source : Hindusthan samachar
  • सीएबीआई अध्यक्ष ने राष्ट्रपति मुर्मु से मुलाकात कर प्रस्तुत किया विश्व कप विवरण
  • 11 से 25 नवंबर तक भारत-श्रीलंका करेंगे मेजबानी
  • भारतीय टीम 15 खिलाड़ियों के साथ ऐतिहासिक चुनौती के लिए तैयार

CAB President briefs President Murmu : भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट संघ (सीएबीआई) ने पहले दृष्टिबाधित महिला टी20 विश्व कप 2025 की तैयारियों को लेकर बड़ा कदम उठाया है। संघ के अध्यक्ष डॉ. महंतेश जी. किवादासन्नवर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर टूर्नामेंट का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इस मौके पर आयोजन समिति की अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी भी मौजूद रहीं।

यह ऐतिहासिक टूर्नामेंट 11 से 25 नवंबर तक आयोजित होगा, जिसकी मेजबानी भारत और श्रीलंका मिलकर करेंगे। मैच नई दिल्ली, बेंगलुरु और कोलंबो में खेले जाएंगे। इसमें भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका और अमेरिका की टीमें हिस्सा लेंगी।

यह भी पढ़े : BCCI अध्यक्ष की रेस में सौरव गांगुली सबसे आगे? अंदरखाने क्या चल रहा है

सीएबीआई अध्यक्ष डॉ. किवादासन्नवर ने कहा, “राष्ट्रपति से मिलना और इस कार्यक्रम का विवरण साझा करना मेरे लिए गर्व की बात है। यह विश्व कप न केवल खेल भावना का उत्सव है बल्कि दृष्टिबाधित महिला खिलाड़ियों के साहस और समावेश का प्रतीक भी है।”

आयोजन समिति की अध्यक्ष मीनाक्षी लेखी ने कहा कि राष्ट्रपति सभी महिलाओं के लिए प्रेरणा हैं और इस समर्थन ने दिव्यांग खिलाड़ियों को और भी सशक्त किया है।

यह आयोजन समर्थनम ट्रस्ट फॉर द डिसेबल्ड की क्रिकेट शाखा सीएबीआई द्वारा किया जा रहा है। टूर्नामेंट भारत के समावेशी खेल संस्कृति और वैश्विक नेतृत्व का संदेश देगा।

भारतीय टीम की कमान दीपिका टी.सी. (कर्नाटक) संभालेंगी जबकि उपकप्तान की भूमिका गंगा एस कदम (महाराष्ट्र) निभाएंगी। टीम में बी1, बी2 और बी3 श्रेणी की कुल 15 खिलाड़ी शामिल की गई हैं।