हीरो एशिया कप 2025: जापानी हॉकी टीम राजगीर पहुंची, भारत के खिलाफ भिड़ंत 31 अगस्त को

हीरो एशिया कप 2025:
हीरो एशिया कप 2025:

राजगीर, बिहार। हीरो एशिया कप 2025 में हिस्सा लेने के लिए जापान की पुरुष हॉकी टीम शनिवार रात राजगीर पहुंच गई है। विश्व रैंकिंग में 18वें स्थान पर काबिज जापान को पूल ए में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला मेजबान भारत, चीन और कजाकिस्तान से होगा।

जापान की टीम अपने अभियान की शुरुआत 29 अगस्त को कजाकिस्तान के खिलाफ करेगी। इसके बाद 31 अगस्त को उसका सामना टूर्नामेंट की सबसे मजबूत टीम भारत से होगा। टीम 1 सितंबर को चीन के खिलाफ अपना आखिरी पूल मैच खेलेगी।

‘हमारा लक्ष्य 2026 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करना है’

जापानी टीम के कप्तान राइकी फुजीशिमा ने कहा, “हम इस टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए बेहद उत्साहित हैं। हमारा मुख्य लक्ष्य एशिया कप जीतकर 2026 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करना है। हम पूरी ताकत के साथ खेलेंगे और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।”

फुजीशिमा ने भारत को अपनी सबसे बड़ी चुनौती बताया, लेकिन उन्होंने अपनी टीम की क्षमताओं पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा, “भारत इस प्रतियोगिता में सर्वोच्च रैंकिंग वाली टीम है, लेकिन हमें अपनी क्षमताओं पर पूरा भरोसा है। हमें यकीन है कि इस बार हम पोडियम पर जगह बनाएंगे।”

यह भी पढ़े : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का किया स्वागत