7 साल बाद अलग हुए साइना नेहवाल और पी. कश्यप, इंस्टाग्राम पर की घोषणा

साइना नेहवाल
साइना नेहवाल

नई दिल्ली। भारतीय बैडमिंटन जगत की चर्चित जोड़ी साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप ने 7 वर्षों के वैवाहिक जीवन के बाद अलग होने का निर्णय लिया है। यह जानकारी खुद साइना ने रविवार देर रात इंस्टाग्राम स्टोरी के माध्यम से साझा की।

साइना ने लिखा, “काफी सोचने और विचार करने के बाद, हमने अलग होने का निर्णय लिया है। जीवन कभी-कभी हमें अलग रास्तों पर ले जाता है, और अब हम एक-दूसरे के लिए शांति और प्रगति का रास्ता चुन रहे हैं।” उन्होंने इस रिश्ते की अच्छी यादों के लिए आभार जताया और कश्यप के भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने लोगों से उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की।

साइना नेहवाल
साइना नेहवाल

साइना और कश्यप की प्रेम कहानी साल 2007 से शुरू हुई थी, जब दोनों हैदराबाद स्थित गोपीचंद बैडमिंटन अकादमी में साथ प्रशिक्षण ले रहे थे। हालांकि, दोनों की जान-पहचान 2005 से थी। 2018 में दोनों ने एक निजी समारोह में विवाह किया था और बाद में हैदराबाद में आयोजित भव्य रिसेप्शन पार्टी में खेल और फिल्म जगत की हस्तियों ने हिस्सा लिया था।

साइना नेहवाल भारत की सबसे सफल बैडमिंटन खिलाड़ियों में शुमार हैं। उन्होंने 2012 लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीता और 2015 में दुनिया की नंबर-1 महिला बैडमिंटन खिलाड़ी बनीं। इसके अलावा वह 2010 और 2018 के कॉमनवेल्थ गेम्स में भी स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।

पारुपल्ली कश्यप भी भारत के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं और 2014 कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं।

यह निर्णय भारतीय खेल जगत के लिए भावनात्मक झटका है, क्योंकि दोनों को लंबे समय से ‘पावर कपल’ के रूप में देखा जाता था।

यह भी पढ़े :टोयोटा ने ग्लैंजा में मानक और नए एक्सेसरी पैकेज के रूप में छह एयरबैग वाले “प्रेस्टीज एडिशन” की घोषणा की