महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर सत्याग्रह सप्ताह शुरू, कई प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी
श्रीगंगानगर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को इंद्रा चौक स्थित महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी विद्यालय में विधिवत रूप से सत्याग्रह सप्ताह शुरू हुआ। इसकी शुरुआत कलेक्टर जाकिर हुसैन ने की। कलेक्टर ने कहा कि महात्मा गांधी की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारत सरकार व राज्य सरकार के निर्देशानुसार विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें सत्याग्रह सप्ताह भी मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सत्याग्रह का अर्थ सत्य के प्रति आग्रह करना है। महात्मा गांधीजी ने सत्य की राह पर चलकर आजादी दिलवाई। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी से शिक्षा लेनी चाहिए तथा उनके द्वारा किए गए आदर्शों पर चलना चाहिए। उनके द्वारा दी गई शिक्षा आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने बताया कि सत्याग्रह सप्ताह के दौरान विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। महात्मा गांधी की 150 वीं जयन्ती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों के लिए नियुक्त जिला संयोजक प्रवीण गौड़ ने महात्मा गांधी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप महात्मा गांधी की 150 वीं जयन्ती पर राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला परिषद सीईओ अशोक कुमार मीणा, कार्यवाहक मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी हंसराज यादव, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारम्भिक बृजेश कुमार, विद्यालय की प्रधानाचार्य रिंपा तलवार, रमसा के कार्यक्रम अधिकारी दीपशिखा व समाजसेवी अशोक चांडक मौजूद थे। विद्यार्थियों को महापुरुषों की जीवनियां पढऩी चाहिए – कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों को महापुरुषों की जीवनियां पढऩी चाहिए, जिससे उन्हें प्रेरणा मिलेगी।
जानकारी के अनुसार 11 से 17 सितंबर तक सत्याग्रह सप्ताह के तहत सार्वजनिक स्थानों एवं विद्यालयों में महात्मा गांधी के जीवन पर आधारित लघु नाटिकाओं, कठपुतली कार्यक्रम एवं प्रोजेक्टर के माध्यम से गांधी एवं अन्य महापुरुषों की जीवनी पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। गांधी ग्राम स्वराज एवं सपनों के भारत पर निबंध लिखन, चित्रकला आदि प्रतियोगिताएं होंगी। 2 से 8 अक्टूबर तक गांधी सप्ताह का आयोजन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें-गाँधीजी के सिद्धांतों का अनुसरण आज की आवश्यकता: डॉ. कल्ला