मोदी कैबिनेट में प्रदेश को मिला अहम प्रतिनिधित्व

मोदी कैबिनेट में चार मंत्री
मोदी कैबिनेट में चार मंत्री

मोदी कैबिनेट में चार मंत्री बने

जलते दीप, जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार शाम मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया। मोदी कैबिनेट में शामिल प्रदेश के चारों मंत्रियों को अहम जिम्मेदारी दी गई है। जहां एक ओर भूपेंद्र यादव और अर्जुनराम मेघवाल पर मोदी ने फिर से भरोसा जताकर पुराने मंत्रालय ही रिपीट किए हैं वहीं जोधपुर सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत को जल शक्ति मंत्रालय से हटाकर पर्यटन और कला संस्कृति की जिम्मेदारी दी गई है। अजमेर से आने वाले भागीरथ चौधरी को कृषि, किसान कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है। ये चारों मंत्रालय देशभर में तो खास हैं ही इसी के साथ जब इनकी जिम्मेदारी राजस्थान से जीतकर गए मंत्री संभाल रहे हैं तो प्रदेश को इसका लाभ मिलना तय है।

प्रदेश के लिए खास मोदी कैबिनेट में शामिल चारों मंत्री

1. पर्यटन और कला संस्कृति (मंत्री: गजेंद्र सिंह शेखावत)

यह मंत्रालय प्रदेश के लिए खासा अहम है। रजवाड़ों की धरती राजस्थान में ऐतिहासिक धरोहरों और राजा महाराओं के पुराने किले काफी संख्या में हैं और यही कारण है कि प्रदेश की आय में पर्यटन का विशेष योगदान है। यहां देश से ही नहीं विदेश से भी काफी संख्या में सैलानी आते हैं। प्रदेश की अर्थव्यवस्था में पर्यटन की हिस्सेदारी करीब 15 फीसदी है। देश में आने वाले विदेशी पर्यटकों में से करीब 20 फीसदी पर्यटक राजस्थान तो आते ही हैं। ऐसे में पर्यटन मंत्रालय की जिम्मेदारी प्रदेश के मंत्री के हाथों में होने के कारण राजस्थान को फायदा ही है। गजेंद्र सिंह यहां के हालात बेहतर समझते हैं और वे पर्यटक स्थलों का सही ढंग से विकास कर पर्यटन क्षेत्र को आगे बढ़ाएंगे।

2. वन एवं पर्यावरण मंत्रालय (मंत्री: भूपेंद्र यादव)

वैसे तो भूपेंद्र यादव के पास पहले भी इस विभाग की जिम्मेदारी थी। वे पिछली बार राज्यसभा से सांसद थे और इस मंत्रालय को संभाल रहे थे। जहां देश भर में इस विभाग की जिम्मेदारी यादव संभाल रहे हैंं वहीं प्रदेश में यह विभाग संजय शर्मा के पास है। ये दोनों ही मंत्री अलवर से आते हैं। ऐसे में राज्य को इस विभाग के मामलों में केंद्र से तालमेल बेहतर होगा।

3. कानून मंत्रालय (मंत्री: अर्जुनराम मेघवाल)

मेघवाल कानून मंत्रालय की जिम्मेदारी लगातार तीसरी बार संभाल रहे हैं। इससे पहले मोदी-1 और मोदी-2 के कार्यकाल में भी मेघवाल यही मंत्रालय संभाल रहे थे। देश और प्रदेश के कोर्ट में लगातार बढ़ते मामलों के बीच मेघवाल का अनुभव काम आएगा। मेघवाल राजस्थान में आईएएस भी रह चुके हैं ऐसे में प्रदेश के हालात से उनसे बेहतर कौन ही जान पाएगा।

4. कृषि, किसान कल्याण मंत्रालय (मंत्री: भागीरथ चौधरी)

अजमेर सीट से जीते चौधरी को मोदी ने अपनी टीम में में जगह दी है। उन्हें कृषि, किसान कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है। चौधरी खुद भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष रह चुके हैं और खेत और किसानी को अच्छे से समझते हैं। किसानी में प्रदेश के हालात शायद ही कोई और बेहतर समझ पाए। ऐसे में चौधरी किसानों की समस्याओं को दूर करने में प्रमुखता देंगे।

यह भी पढ़ें:नरेंद्र मोदी ने बता दिया, विकास कार्य रुकेंगे नहीं, दबाव में झुकेंगे नहीं