
राज्य स्तरीय जूनियर पुरुष एवं महिला कुश्ती प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ
राजस्थान सरकार खेलों और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत : राजेंद्र गुढ़ा
सीकर। युवा मामले एवं खेल राज्यमंत्री अशोक चांदना, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने मीनल डिफेंस एकेडमी कांवट, सीकर में राज्य स्तरीय जूनियर पुरुष एवं महिला कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।कार्यक्रम में मुख्य अथिति खेल राज्यमंत्री अशोक चांदना ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राज्य सरकार ने ग्रामीण व शहरी ओलंपिक खेलों का आयोजन कर गांव-गांव के खिलाड़ियों को खेलों से जोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि ओलंपिक खेलों में 8 से 80 वर्ष तक के ग्रामीणों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया।
खेल राज्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 600 से अधिक खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां दी है साथ ही खिलाड़ियों को खेलो इंडिया के माध्यम से जोड़कर उनके सपनों को साकार करने का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि खेलो इंडिया में राजस्थान ने इस वर्ष 48 मेडल प्राप्त किए हैं तथा प्रदेश अंक तालिका में चौथे नंबर पर रहा है, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।