अलवर। सरिस्का टाइगर रिजर्व से एक बार फिर खुशखबरी आई है। रिजर्व क्षेत्र की बरेली बाड़ी में बाघिन एसटी 19 ने चार शावकों को जन्म दिया है। वन विभाग ने कैमरा ट्रैप और ग्राउंड पेट्रोलिंग के माध्यम से इसकी पुष्टि की है। इससे पहले बाघिन एसटी 12 और एसटी 22 भी चार-चार शावकों को जन्म दे चुकी हैं। वन मंत्री संजय शर्मा ने इस खबर पर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसन्नता जताई और कहा कि सरिस्का में जल्द ही बाघों की संख्या 50 तक पहुंचने की उम्मीद है। फिलहाल चार नए शावकों के आने से यहां बाघों का कुनबा बढ़कर 48 हो गया है। सीसीएफ संग्राम सिंह कटियार ने बताया कि कैमरा ट्रैप में बाघिन एसटी 19 अपने चारों शावकों के साथ स्पष्ट रूप से दिखाई दी है।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि बाघिन के इलाके में कोई भी व्यक्ति प्रवेश न करे। बफर रेंज में शावकों के आने से अब यहां बाघ-बाघिन और शावकों की कुल संख्या 11 हो गई है। इस क्षेत्र में पर्यटकों को लगातार बाघों की साइटिंग देखने को मिल रही है। इससे पहले भी बफर रेंज का एक बाघ हरियाणा तक पहुंच गया था, जिसे दो महीने की मशक्कत के बाद रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व में शिफ्ट किया गया। ’20 हुई शावकों की संख्याÓ गौरतलब है कि एक माह पूर्व भी सरिस्का से एक खुशखबरी आई थी, जब गश्त के दौरान वन कर्मचारियों ने बाघिन एसटी 30 के साथ तीन शावकों को देखा था। उस समय शावकों की उम्र लगभग दो महीने बताई गई थी। अब एसटी 19 के चार शावकों के जुड़ने के बाद सरिस्का में बाघों की कुल संख्या 11, बाघिन 17 और शावकों की संख्या 20 पहुंच चुकी है।