हेरिटेज निगम में भाजपा का महापौर, जीत मिली कांग्रेस को

कांग्रेस
कांग्रेस

जयपुर। हेरिटेज निगम में भाजपा का महापौर होने के बाद भी वार्ड-63 के पार्षद चुनाव में कांग्रेस को जीत मिली है। महापौर को लेकर लगातार पार्षदों का आक्रोश सामने आ रहा था। कार्यवाहक महापौर कुसुम यादव पर लगातार भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे है। हेरिटेज निगम के वार्ड 63 में उपचुनाव की मतगणना के बाद त्रिकोणीय संघर्ष में कांग्रेस पार्टी की उम्मीदवार भानू सैनी ने 59 वोटों से जीत दर्ज की है। उन्होंने बीजेपी से बागी होकर चुनाव लडऩे वाली सीमा मीणा को हराया है। भानू सैनी ने कहा कि यह वार्ड की जनता और कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं की जीत है। आने वाले दिनों में वार्ड का विकास कैसे किया जा सके। इसी मुद्दे को लेकर काम करना मेरी प्राथमिकता रहेगी।

दरअसल, हेरिटेज निगम के वार्ड 63 में पार्षद पद के उपचुनाव की गुरुवार को मतगणना थी। इसके लिए कांग्रेस से भानु सैनी, बीजेपी से रितु नंदवाना और पूर्व पार्षद की पुत्रवधू सीमा मीणा भी चुनावी मैदान में थी। जिसकी वजह से मुकाबला रोचक त्रिकोणीय संघर्ष में बदल गया था। इस मुकाबले में कांग्रेसी प्रत्याशी की जीत हुई है, वहीं कांग्रेस से बीजेपी में शामिल सुशीला मीणा की पुत्रवधू सीमा मीणा ने बागी चुनाव लड़कर बीजेपी प्रत्याशी रितु नंदवाना को तीसरे नंबर पर धकेल दिया। बुधवार को हेरिटेज निगम के वार्ड 63 में उपचुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया पूरी हुई थी।

किशनपोल विधायक अमीन कागजी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कुशासन से जनता परेशान हो चुकी है। निकाय के उपचुनाव में वोट की चोट देकर जनता ने भाजपा के प्रत्याशी को तीसरे नंबर पर पहुंचा दिया है। इससे बीजेपी के विकास के दावों की पोल खुल गई है। आने वाले निकाय चुनाव में भी कांग्रेस पार्टी जयपुर में अपना बोर्ड बनाकर ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। गौरतलब है कि नगर निगम हेरिटेज के वार्ड 63 में कुल 8 हजार 132 मतदाता है।

जिनमें से बुधवार को पार्षद पद के उपचुनाव में सिर्फ 3745 (46.06 प्रतिशत) मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इनमें भानु सैनी को 1358, सीमा मीणा को 1299 और रितु नंदवाना को 1062 वोट मिले है। जबकि 26 मतदाताओं ने नोटा का इस्तेमाल किया है। हालांकि चुनाव परिणाम आने के बाद भी कांग्रेसी पार्षद भानु सैनी का कार्यकाल सिर्फ कुछ महीनों का ही रहेगा। क्यों कि नगर निगम हेरिटेज के मौजूदा बोर्ड का कार्यकाल इसी साल नवंबर में खत्म होने जा रहा है।

यह भी पढ़ें ; जोधपुर में आरएसएस की तीन दिवसीय अखिल भारतीय समन्वय बैठक कल से, संघ प्रमुख मोहन भागवत रहेंगे मौजूद