दौसा। गुप्तेश्वर रोड स्थित राम मंदिर का वातावरण बुधवार को आध्यात्मिक उल्लास से भर उठा, जब मारुति महायज्ञ, मूर्ति प्रतिष्ठा और राम कथा के शुभारंभ अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे की धुनों, श्रद्धालु भक्तों के जयघोष और भक्ति रंग में रंगी शोभायात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया।
यह कलश यात्रा श्याम मंदिर से विधिवत रूप से रवाना हुई। यात्रा ने नई मंडी रोड, मानगंज, नया कटला, लालसोट रोड, बरकत तिराहा, गुप्तेश्वर दरवाजा और गुप्तेश्वर रोड से होती हुई राम मंदिर परिसर में प्रवेश किया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया और शीतल पेय व जल सेवा के जरिए सत्कार किया।
यात्रा में ध्वज लिए हुए युवाओं की टोली, पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं कलश सिर पर लिए हुए, बच्चों की टोलियां और भजन मंडलियों ने समां बांध दिया। इस आयोजन ने न केवल धार्मिक भावना को प्रकट किया, बल्कि सामुदायिक एकता और सांस्कृतिक धरोहर को भी मजबूती प्रदान की।