जयपुर : भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन का त्योहार 9 अगस्त, शनिवार को मनाया जाएगा। जैसे-जैसे यह पर्व नजदीक आ रहा है, राजधानी जयपुर के बाजारों में रौनक बढ़ती जा रही है। शहर के प्रमुख बाजार जैसे जौहरी बाजार, बापू बाजार, त्रिपोलिया बाजार और राजा पार्क में राखियों और उपहारों की दुकानों पर भारी भीड़ उमड़ रही है।
इस साल बाजारों में जयपुर के अलावा कोलकाता, मुंबई और गुजरात से मंगवाई गई रंग-बिरंगी और डिजाइनर राखियां उपलब्ध हैं। दुकानदारों ने ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए डोरी, मोती, कुंदन और जरदोजी से सजी राखियों की विस्तृत रेंज पेश की है। बच्चों के लिए कार्टून थीम वाली राखियां भी खूब पसंद की जा रही हैं। राखियों के साथ-साथ भाई-बहनों के लिए उपहारों और मिठाइयों की भी जमकर खरीदारी हो रही है। खासकर घेवर, काजू कतली और चॉकलेट गिफ्ट बॉक्स की मांग काफी बढ़ी है।
महिलाओं के लिए रोडवेज में मुफ्त सफर
रक्षाबंधन के अवसर पर राजस्थान रोडवेज ने महिलाओं और बालिकाओं को बड़ी राहत दी है। उन्हें 9 और 10 अगस्त, 2025 को रोडवेज की साधारण बसों में राज्य की सीमा के भीतर मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। इस योजना से लगभग 8.5 लाख महिलाओं और बालिकाओं को लाभ मिलने का अनुमान है।
राखी बांधने का शुभ मुहूर्त
पंडित बनवारी लाल शर्मा के अनुसार, राखी बांधने का शुभ समय सुबह 7 बजकर 35 मिनट से 9 बजकर 2 मिनट तक है। इसके बाद दोपहर में 12 बजकर 30 मिनट से शाम 5 बजकर 26 मिनट तक भी राखी बांधी जा सकती है। इस बार रक्षाबंधन पर भद्रा का प्रभाव नहीं रहेगा, जिससे पूरे दिन राखी बाँधी जा सकती है। धार्मिक दृष्टिकोण से रेशमी या सूती धागों से बनी राखियां, जिनमें ओम या स्वास्तिक जैसे शुभ चिन्ह हों, सबसे उत्तम मानी जाती हैं।
यह भी पढ़े : प्योर ईवी ने सुरोठ में की एंट्री – ईवी क्रांति को दी नई रफ्तार