“जयपुर में ‘रंगीलो सावन महोत्सव’ का आगाज, मदन राठौड़ ने किया पोस्टर विमोचन”

मदन राठौड़
मदन राठौड़

जयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने शनिवार को जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में “रंगीलो सावन महोत्सव” का पोस्टर विमोचन किया। यह कार्यक्रम भाजपा महिला मोर्चा की ओर से आगामी 15 जुलाई को अणुविभा केंद्र, गौरव टावर के सामने, मालवीय नगर में आयोजित किया जाएगा।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री जयश्री गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि एक दिवसीय इस महोत्सव में महिला शक्ति, परंपरा और संस्कृति का जीवंत संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में पारंपरिक झूले, मेहंदी सज्जा, लहरिया साड़ी प्रतियोगिता जैसी रंगारंग गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।

महोत्सव के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ होंगे। कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए विशिष्ट अतिथियों के रूप में राजस्थान सरकार की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, मालवीय नगर विधायक कालीचरण सर्राफ, भाजपा महिला मोर्चा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूजा कपिल मिश्रा और प्रदेशाध्यक्ष रक्षा भंडारी की उपस्थिति भी रहेगी।

जयश्री गर्ग ने बताया कि यह आयोजन न सिर्फ महिलाओं के लिए मनोरंजन और पारंपरिक उत्सव का अवसर होगा, बल्कि इसमें भाजपा महिला मोर्चा से जुड़ने और सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का भी माध्यम बनेगा।

उन्होंने कहा, “तीज जैसे पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से हम समाज में हमारी सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने का प्रयास कर रहे हैं।”

यह भी पढ़े :तेज बारिश से बीसलपुर बांध में पानी की आवक तेज, 72% तक भरा बांध