सचिन पायलट छात्रसंघ चुनाव बहाली को लेकर प्रदर्शन में हुए शामिल

सचिन पायलट
सचिन पायलट

जयपुर। शहीद स्मारक पर मंगलवार को NSUI ने छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर बड़ा प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेता सचिन पायलट शामिल हुए। उनके साथ NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी, विधायक मुकेश भाकर, मनीष यादव, ललित यादव, दीन दयाल बैरवा, सुरेश गुर्जर, यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया, NSUI प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़, राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष निर्मल चौधरी, कांग्रेस नेता अनिल चोपड़ा और NSUI के पदाधिकारी मौजूद रहे। हजारों की संख्या में कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल हुए। सचिन पायलट ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव जरूरी होते हैं। हार-जीत बाद की बात है, लेकिन युवाओं को चुनाव लड़ने का मौका मिलना चाहिए। सरकार छात्रसंघ, पालिका और पंचायत चुनाव नहीं करवा रही है।

देरी पर देरी हो रही है। उन्होंने कहा कि जिसने भी युवाओं को दबाया है, वह ज्यादा नहीं चला है। सरकार को चुनाव करवाने ही पड़ेंगे। हम सब आपके साथ हैं। पायलट ने कहा कि राजस्थान में किसकी चल रही है, किसी को नहीं पता। अफसरशाही हावी है। मुख्यमंत्री को सलाह दी जा रही है कि चुनाव मत कराओ। यह सीख दिल्ली से आ रही है। दिल्ली में विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है। राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया जा रहा है। इंडिया अलायंस के नेताओं के माइक बंद किए जा रहे हैं। तानाशाही रवैया दिल्ली से जयपुर तक फैल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री को चेतावनी दी कि यह रवैया ठीक नहीं है। लोकतंत्र में संविधान पर भरोसा रखना होगा।

कब तक चुनाव न करवा कर लाखों लोगों की आवाज दबाओगे। सरकार से पूछा कि चुनाव क्यों नहीं कराए। अगर नहीं करवा रहे तो कारण बताओ। बीजेपी सरकार जानती है कि पांच साल कुछ भी करो, चुनाव में हिंदू-मुस्लिम करके वोट ले लेते हैं। पायलट ने कहा कि पता नहीं कौन मुख्यमंत्री को सलाह दे रहा है। ग्रामीण इलाकों में विकास रुक गया है। सरकार सिर्फ सत्ता का आनंद लेना चाहती है। कोई चुनाव नहीं कराना चाहती। लेकिन सरकार को चुनाव करवाने ही पड़ेंगे। आपके लोग भी लड़ेंगे, हमारे लोग भी लड़ेंगे। हार-जीत किसी की भी हो, लेकिन चुनाव जरूर हों। प्रदर्शन से पहले पायलट ने पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निधन पर शोक जताया। कहा, उन्होंने हमेशा किसानों की लड़ाई लड़ी।

यह भी पढ़े ; सैल्यूट तिरंगा राष्ट्रवादी संगठन ने कश्मीर में ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा शुरू कर फिर रचा इतिहास