जयपुर में सफल स्पाइन सर्जरी, कबड्डी खिलाड़ी को मिली नई जिंदगी

जयपुर में सफल स्पाइन सर्जरी, कबड्डी खिलाड़ी को मिली नई जिंदगी
Image Source : Via महात्मा गांधी अस्पताल
  • महात्मा गांधी अस्पताल, जयपुर में जटिल स्पाइन सर्जरी सफल
  • राज्य स्तरीय कबड्डी खिलाड़ी मोहम्मद इस्लाम को मिली नई जिंदगी
  • मां योजना के तहत निशुल्क हुआ ऑपरेशन, आठ महीने बाद मरीज स्वस्थ

Successful Spine Surgery in Jaipur : जयपुर के महात्मा गांधी अस्पताल ने चिकित्सा जगत में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल के न्यूरोसर्जरी विभाग ने मालपुरा निवासी 43 वर्षीय मोहम्मद इस्लाम की जटिल स्पाइन सर्जरी सफलतापूर्वक की, जिससे उन्हें जीवन की नई शुरुआत मिली है। इस्लाम राज्य स्तरीय कबड्डी खिलाड़ी रह चुके हैं।

काम के दौरान भारी वजन उठाने से उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट लगी थी। इसके बाद से उनका शरीर नाभि से नीचे पूरी तरह काम करना बंद कर चुका था और वे बिस्तर तक सीमित हो गए थे। यहां तक कि उन्हें पेशाब का भी एहसास नहीं होता था।

यह भी पढ़े : सूरज माली पर हमले से हड़कंप, गहलोत ने अस्पताल में की मुलाकात

विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज गुप्ता ने बताया कि मरीज का डी12–एल1 स्तर पर ऑपरेशन किया गया। खास बात यह रही कि इसमें अत्याधुनिक ‘ओ-आर्म नेविगेशन’ तकनीक का इस्तेमाल हुआ, जिससे सर्जरी और ज्यादा सुरक्षित और सटीक हो सकी। डॉक्टर सुनीता शर्मा, डॉ. रविंद्र सिंह सिसोदिया, डॉ. अनमोल, डॉ. फोरम मेहता और डॉ. संदर्भ गौतम ने मिलकर इस ऑपरेशन को सफल बनाया।

आठ महीने के भीतर मोहम्मद इस्लाम पूरी तरह सामान्य दिनचर्या जीने लगे हैं। वे अब स्वयं चल-फिर सकते हैं, अपने काम कर रहे हैं और पेशाब का संकेत भी महसूस करने लगे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि कई मरीज जानकारी के अभाव में ऐसी चोटों के बाद जिंदगीभर बिस्तर पर रह जाते हैं, जबकि समय पर इलाज और आधुनिक तकनीक से उन्हें फिर से स्वस्थ बनाया जा सकता है।

महत्वपूर्ण बात यह है कि यह ऑपरेशन राज्य सरकार की मां योजना के तहत निशुल्क हुआ। इस सफलता ने न केवल अस्पताल की उन्नत चिकित्सा क्षमता को साबित किया है, बल्कि हजारों मरीजों के लिए आशा की नई किरण भी जगाई है।