पशुपालन विभाग में 231 अधिकारियों का प्रमोशन

पशुपालन विभाग
पशुपालन विभाग

जयपुर। राजस्थान पशुपालन विभाग ने अपने विभिन्न संवर्गों में कुल 231 अधिकारियों को पदोन्नत किया है। शुक्रवार को शासन सचिवालय में आयोजित पदोन्नति समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया।  राजस्थान लोक सेवा आयोग के सदस्य प्रो. अयूब खान की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में वर्ष 2016-17 से 2024-25 तक लंबित पदोन्नतियों पर मुहर लगाई गई।

इस प्रक्रिया में वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, उप निदेशक, संयुक्त निदेशक, अतिरिक्त निदेशक और निदेशक स्तर के अधिकारी शामिल थे। पशुपालन विभाग के शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने बताया कि विभागीय नियमों और पदोन्नति समिति की सिफारिशों के आधार पर यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित पदोन्नतियों से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और विभाग की कार्यप्रणाली भी मजबूत होगी।

पदोन्नति का विवरण:

  • निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी: 2 पद
  • अतिरिक्त निदेशक: 9 पद
  • संयुक्त निदेशक: 51 पद (सामान्य और विशिष्ट अनुभाग)
  • उपनिदेशक: 74 पद
  • वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी: 95 पद

डॉ. शर्मा ने सभी पदोन्नत अधिकारियों को बधाई दी और उनसे अपनी नई जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाने का आग्रह किया ताकि विभाग की प्रगति में उनका योगदान सुनिश्चित हो सके। बैठक में शासन उप सचिव संतोष करोल, संयुक्त शासन सचिव दिनेश कुमार शर्मा, और पशुपालन विभाग के कार्यकारी निदेशक डॉ. आनंद सेजरा भी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें ; राजस्थान कांग्रेस ने बीएलए नियुक्तियों और ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान की समीक्षा की