विधानसभा अध्यक्ष को राखी बांधने उमड़ी महिलाएं

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी
  • मातृशक्ति भारत की शक्ति : देवनानी

  • महिलाओं ने लगाया तिलक, रिटर्न में मिले उपहार

अजमेर। भाई-बहन के स्नेह, पारिवारिक सशक्तिकरण और मातृशक्ति की रक्षा के पर्व रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में सोमवार को अजमेर में सैकड़ों महिलाओं की भीड़ विधानसभा अध्यक्ष को राखी बांधने उमड़ी। मातृशक्ति ने उन्हें तिलक लगा कर राखी बांधी। देवनानी ने मातृशक्ति की रक्षा का वचन दिया। उन्हें उपहार स्वरूप साड़ी भी भेंट की। इस अवसर पर महिलाओं के लिए अल्पाहार की भी व्यवस्था की गई। अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र की मातृशक्ति, माताओं, बहनों, बेटियों, अधिकारियों और समाजसेवा से जुड़े संगठनों से जुड़ी सैकड़ों महिलाओं ने सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के साथ रक्षाबंधन उत्सव मनाया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए देवनानी ने कहा कि भारत वह राष्ट्र है जहां सदियों से मातृशक्ति को पूजनीय माना जाता है। सनातन संस्कृति और देश के हजारों साल पुराने इतिहास में मातृशक्ति का विशेष उल्लेख और योगदान रहा है। सनातन संस्कृति में होने वाला कोई भी कार्य, अनुष्ठान और आयोजन बिना मातृशक्ति के पूरा नही होता। देश की मातृशक्ति ने सदैव पूरी शक्ति के साथ हर कार्य में बढ़-चढ़ कर भागीदारी निभाई है। देश का इतिहास वीरांगनाओं, विदूषी और अपने क्षेत्र की विशेषज्ञ महिलाओं के इतिहास से भरा पड़ा है। देश की यह सनातन परम्परा सदियों से हमारी पीढ़ियों को प्रोत्साहित और प्रेरित करती आई है।

देवनानी ने कहा कि देश का इतिहास ही नहीं वर्तमान और भविष्य भी महिलाओं के सहयोग के बिना अधूरा है। आज भारत की महिलाओं ने राजनीति, खेल, शिक्षा, विज्ञान, विदेश सेवा, पत्रकारिता और सेना सहित हर क्षेत्र में भारत का मान बढ़ाया है। हमारी मातृशक्ति की शक्ति का लोहा पूरी दुनिया मान रही है। भारत की महिलाएं हर दौर में सबसे आगे रही हैं। सनातन संस्कृति में उनका योगदान पूरे देश और विश्व के लिए प्रेरणास्पद है। विधानसभा अध्यक्ष ने मातृशक्ति का आह्वान किया कि वे अपनी समृद्ध परम्परा का निर्वहन करते हुए भावी पीढ़ियों को संस्कार दें।

मातृशक्ति अपने पुत्र-पुत्रियों, भाई, पति आदि को सनातन संस्कृति के आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित करें। उन्हें संस्कारवान और देश का सुयोग्य नागरिक बनाएं। एक संस्कारवान सुयोग्य नागरिक ही एक सशक्त युवाओं, संस्कारवान युवाओं को तैयार करना मातृशक्ति का सबसे बड़ा योगदान है। राष्ट्र सदैव मातृशक्ति का ऋणी रहेगा।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने विधानसभा अध्यक्ष को राखी बांधी। उनके दोनों हाथों में हजारों की संख्या में राखी बांधी गई। देवनानी ने महिलाओं को उपहार के साथ वचन दिया कि वे सदैव उनकी रक्षा और शहर की तरक्की के लिए काम करते रहेंगे।

यह भी पढ़े ; भरतपुर सांसद दिल्ली में एसआईआर विरोध प्रदर्शन में घायल, सिर में चोट लगी