
जापान में तीन मीटर ऊंची सुनामी के लहरों की चेतावनी, कई इमारतें तबाह, सात लोगों की मौत
ताइपे। ताइवान में 7.5 तीव्रता के भूकंप से धरती कांप उठी है। यहां लगातार तीन झटकों ने भारी तबाही मचाई है। भूकंप से सात लागों के मरने की खबर है। इसके अलावा जगह-जगह भूस्खलन होने की भी खबर है। बताया जा रहा है कि करीब 70 हजार घरों में लाइट नहीं है। इस भूकंप ने जापान के दक्षिणी द्वीपों को हिलाकर रख दिया है। भूकंप के कारण तीन मीटर ऊंची सुनामी के लहरों की आशंका पैदा हो गई है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की है।
मकानों में फंसे लोग
स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 9 बजे से यह भूकंप आया। भूकंप के कारण ताइवान में बड़ी तबाही भी देखी गई है। बिल्डिंग ध्वस्त हो गई हैं। भूकंप के कारण ढही इमारतों में लोग फंसे हुए हैं।

25 साल का सबसे तगड़ा भूकंप
भूकंप के केंद्र के करीब ताइवान के पूर्वी तट पर स्थित हुलिएन शहर में हुए नुकसान से जुड़े वीडियो सामने आए हैं। एक वीडियो में दिख रहा है कि बिल्डिंग ढह गई है, लेकिन वह गिरी नहीं है। झुकी हुई बिल्डिंग को देखकर लोग हैरान हैं। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप का केंद्र हुलिएन शहर से लगभग 18 किमी दक्षिण में स्थित है। अधिकारियों के मुताबिक 25 वर्षों में यह ताइवान में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप है। फिलीपींस की ओर से भी सुनामी की चेतावनी दी गई है।
1999 में हुई थी 2400 लोगों की मौत
चीन के सरकारी मीडिया ने कहा कि दक्षिण-पूर्वी फुजियान प्रांत के कुछ हिस्सों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। ताइवान के भूकंप विज्ञान केंद्र के निदेशक वू चिएन फू ने कहा कि भूकंप का केंद्र जमीन में ज्यादा गहराई पर नहीं था। इसे पूरे ताइवान और अपतटीय द्वीपों पर महसूस किया गया। 25 वर्षों में यह सबसे मजबूत भूकंप है। सितंबर 1999 में ताइवान में 7.6 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 2400 लोगों की मौत हुई थी। ताइवान में अक्सर भूकंप के झटके महसूस किए जाते रहते हैं, क्योंकि यह द्वीप दो टेक्टोनिक प्लेटों के जंक्शन के पास स्थित है।