अचानक रैन बसेरों का निरीक्षण करने निकले सीएम गहलोत, कंबल वितरित किए

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुरुवार रात अचानक शहर के रैन बसेरों का निरीक्षण करने निकले। इस दौरान सीएम गहलोत ने रामनिवास बाग स्थित रैन बसेरे में जरूरतमन्द लोगों को कंबल वितरित किए और सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में कहा कि साल 2020 जैसा वर्ष भगवान किसी को भी नहीं दिखाए। सरकार पूरी कोशिश कर रही है कि रैन बसरों में रहने वाले लोग आराम से रहें। इसके लिए निकायों को पूरा प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चाहें मुख्यमंत्री रहूं या ना रहूं, हमेशा कंबल बांटने जरूर आता रहा हूं, जितना हो सके और लोग भी आगे आएं।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अपील के बाद मुख्य सचेतक डॉ. महेश जोशी ने सामाजिक सरोकार निभाते हुए नववर्ष की पूर्व संध्या पर जरूरतमंदों को कम्बल और स्वेटर वितरित किए। जोशी हवामहल विधानसभा क्षेत्र में गोविंद देव जी मंदिर के पीछे नगर निगम के स्थाई रैन बसेरे में पहुंचे जहां उन्होंने जरूरतमंदों को कम्बल वितरित किए।