सुपरस्टार रजनीकांत ने नई पार्टी बनाने का एलान किया, 31 दिसंबर को करेंगे घोषणाा

दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत ने आखिरकार नई पार्टी बनाने का एलान कर दिया है। पार्टी को जनवरी में लॉन्च किया जाएगा। इसके संबंध मे 31 दिसंबर को घोषणा की जाएगी। यह जानकारी रजनीकांत ने ट्वीट के जरिए दी है। 

अगले साल अप्रैल-मई महीने में तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले रजनीकांत का सक्रिय राजनीति में उतरना काफी अहम माना जा रहा है। पार्टी लॉन्च होने के बाद इस बात की पूरी आशंका है कि उनकी पार्टी विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेगी।

इससे पहले सोमवार को रजनीकांत ने चेन्नई में अपने समर्थकों के साथ गहन विचार मंथन किया था। समर्थकों के साथ बैठक के बाद उन्होंने कहा था कि वे राजनीति में प्रवेश करने के बारे में अपने निर्णय से जल्द से जल्द अवगत करवाएंगे। रजनीकांत ने कहा था कि उन्होंने रजनी मक्कल मंद्रम (आरएमएम) के जिला सचिवों से मुलाकात कर राजनीति में प्रवेश की संभावना पर चर्चा की है।

पिछले महीने अभिनेता ने संकेत दिया था कि लंबे समय से राजनीति में आने का इंतजार और भी लंबा हो सकता है। कथित रूप से रजनीकांत द्वारा अक्तूबर में लिखा गया एक पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने अपने स्वास्थ्य को लेकर डॉक्टरों की चिंता का हवाला दिया था। 

हालांकि, रजनीकांत ने पत्र में लिखी कुछ चीजों को फर्जी बताते हुए खारिज कर दिया था। जबकि उन्होंने पत्र में लिखे स्वास्थ्य जोखिमों के चलते कोरोना का शिकार होने की संभावना वाली बात स्वीकर को किया था। रजनीकांत के डॉक्टरों द्वारा लगातार उन्हें राजनीति में नहीं जाने की सलाह दी जाती रही है।