टी राजा सिंह ने दिया बीजेपी से इस्तीफा

हैदराबाद। भाजपा विधायक और हिंदूवादी नेता टी राजा सिंह अचानक से फिर चर्चा में हैं। इस बार वह अपने बयान से नहीं बल्कि इस्तीफे के कारण सुर्खियों में बने हुए हैं। बीजेपी आलाकमान ने एन रामचंद्र राव के नाम पर राज्य बीजेपी अध्यक्ष के पद पर सहमति जताई है, जिससे वे नाराज हैं।

बताया जा रहा है कि इसी से नाराज होकर उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष बंडी संजय कुमार को अपना इस्तीफा भेजा है। उनके इस्तीफे से प्रदेश से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक हिल गया है।

इस्तीफे को लेकर राजा सिंह ने तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष किशन रेड्डी को लिखे पत्र में कहा कि एन रामचंद्र राव की नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में गहरी निराशा फैली है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने केंद्रीय नेतृत्व को गुमराह करके यह फैसला करवाया है, जो पार्टी के हितों के बजाय व्यक्तिगत स्वार्थ से प्रेरित है।
‘यह कदम विचारधारा के खिलाफ नहीं”

गोशामहल विधायक राजा सिंह ने कहा कि तेलंगाना में बीजेपी सरकार बनाने के कगार पर थी, लेकिन गलत नेतृत्व के चयन से यह मौका हाथ से निकलता दिख रहा है। राजा सिंह ने अपने सार्वजनिक बयान में स्पष्ट किया कि वह बीजेपी छोड़ने के बावजूद हिंदुत्व के विचार और गोशामहाल के लोगों की सेवा को लेकर प्रतिबद्ध रहेंगे।
कौन हैं टी राजा सिंह?

2014 से लगातार गोशामहल विधानसभा सीट से विधायक

15 अप्रैल 1977 को हैदराबाद के धूलपेट गांव में जन्मे टी राजा सिंह को टाइगर राजा सिंह के नाम से जाना जाता है।  टी राजा सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 2009 में तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) से की थी। इस दौरान वह ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम के सदस्य चुने गए थे लेकिन साल 2014 में उन्होंने बीजेपी ज्वाइन कर ली। इसके बाद वह 2014, 2018 और 2023 में गोशामहल विधानसभा सीट से जीते।