तालिबान के बढ़ते आतंक के बीच ताजिकिस्तान ने देश का सबसे बड़ा युद्धाभ्यास किया

अफगान सीमा पर 20 हजार सैनिकों को तैनात किया

अफगानिस्तान में तालिबान के बढ़ते आतंक के बीच पड़ोसी देश ताजिकिस्तान ने देश का सबसे बड़ा युद्धाभ्यास किया। ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति इमोमाली राखमोन के आदेश पर गुरुवार को 2.30 लाख सदस्यों वाली सेना को अलर्ट किया गया। साथ ही अफगान सीमा पर 20 हजार अतिरिक्त सैनिकों को तैनात किया गया।

युद्धाभ्यास में जमीनी सेना, हवाई और तोपखाने के हथियार शामिल रहे। पूरे अभ्यास का लाइव प्रसारण भी किया गया। राष्ट्रपति राखमोन ने कहा- अफगानिस्तान की स्थिति बहुत जटिल और अस्थिर हो गई है। सेना संभावित खतरे का सामना करने के लिए तैयार रहे, ताकि देश की सीमा की सुरक्षा की जा सके।

दूसरी तरफ, अफगानिस्तान के कंधार प्रांत में 100 से ज्यादा लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। टोलो न्यूज के मुताबिक, स्पिन बोल्डक जिले में हमलावरों ने तबाही मचा दी है। अफगान सरकार ने इसके लिए तालिबान को जिम्मेदार ठहराया।

लेकिन तालिबान ने जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया है। अफगानी सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि स्पिन बोल्डक तालिबान ने लोगों के घर और सरकारी दफ्तर लूटे। कई शव इधर-उधर पड़े हैं।

यह भी पढ़ें-इमरान खान का फिर कश्मीर राग, कहा-सरकार कश्मीर के लोगों के लिए संग्रह कराएगी