किसानों को कृषि नवाचार और उन्नत खेती के सिखाए गुर

जैविक कृषि के लिए किसानों को स्कोप सर्टिफिकेट वितरित किये

धौलपुर
परंपरागत कृषि विकास योजनांतर्गत जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित किए गए कृषकों को एक दिवसीय किसान गोष्ठी एवं परंपरागत कृषि विकास योजना में जैविक खेती के कृषकों को स्कोप सर्टिफिकेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को नगर परिषद ऑडिटोरियम में किया गया। इस मौके पर जिला कलक्टर राकेश कुमार जायसवाल ने किसानों को जैविक कृषि करने हेतु आव्हान करते हुए कहा कि बढ़ती हुई जनसंख्या के साथ भोजन की आपूर्ति के लिए मानव द्वारा खाद्य उत्पादन की होड़ में अधिक से अधिक उत्पादन प्राप्त करने के लिए तरह-तरह की रासायनिक खादों तथा जहरीले कीटनाशकों का उपयोग किया जा रहा है। इससे मानव स्वास्थय एवं पर्यावरण को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है। इसलिए हमें अब जैविक खादों एवं दवाईयों का उपयोग करना होगा। इससे भूमि, जल एवं वातावरण शुद्ध रहेगा और मनुष्य एवं प्रत्येक जीवधारी स्वस्थ रहेंगे। जिला पुलिस अधीक्षक केसर सिंह शेखावत ने कहा कि वर्तमान समय में कोविड महामारी के दौर में शुद्ध खान पान से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाना जरूरी है। इसमें जैविक खेती का बड़ा योगदान है।

उन्होंने किसानों को पराली जलाने के दुष्प्रभावों के बारे में बताते हुए इस संबंध में कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी। राजस्थान लोक सेवा आयोग के पूर्व चेयरमैन डा. आरएस गर्ग ने कहा कि किसान जैविक कृषि अपनाकर पर्यावरण तथा लोगों के स्वास्थय सुधार में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। जैविक केृषि को बढावा देने के लिए सरकार भी कई योजनाएं चला रही है, जिसका लाभ किसानों को उठाना चाहिए। कार्यक्रम में उप निदेशक क़ृषि विस्तार डा. दयाशंकर शर्मा ने बताया कि जिले में सभी पंचायत समितियों में किसानों ने जैविक कृषि विद्या अपनाकर खाद्यान्न उत्पादन किया। जिसमें सैपऊ में 182 किसानों ने 6774 क्विंटल, धौलपुर में 303 किसानों ने 8308 क्विंटल, बाड़ी में 247 किसानों ने 9054 क्विंटल, बसेड़ी में 85 किसानों ने 2561 क्विंटल, राजाखेड़ा में 283 किसानों ने 6109 क्विंटल गेंहू उत्पादन किया।

इस दौरान उपस्थित सभी किसानों को मास्क वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद शिवचरण मीणा, उप निदेशक पशुपालन सुनील माटा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. गोपाल गोयल तथा अग्रणी बैंक अधिकारी किशोर चिलाना सहित कृषि अधिकारी व किसान मौजूद रहे।

Advertisement