
डूंगरपुर। शिक्षक भर्ती को लेकर डूंगरपुर जिले में युवाओं के हिंसक प्रदर्शन के चलते शनिवार को भी हालात तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में रहे। जिले की कांकरी डूंगरी से शुरू हुए आदिवासियों के प्रदर्शन को लेकर जारी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। उदयपुर-अहमदाबाद हाइवे पर लगातार तनाव का माहौल बना हुआ है।
उपद्रवी हाइवे और आसपास की पहाडिय़ों पर डटे हुए हैं। शनिवार को एक बार फिर उपद्रवियों ने हाइवे पर बने होटलों को निशाना बनाया। इनमें जमकर तोडफ़ोड़ की गई। हालांकि, उदयपुर रेंज की पुलिस महानिरीक्षक बिनीता ठाकुर के अनुसार शनिवार को हिंसा की कोई नई घटना नहीं हुई और इलाके में कानून व्यवस्था बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पिछले दो दिन में प्रदर्शनकारियों ने 20 से अधिक वाहनों को आग लगाई है, पेट्रोल पंप व होटल में लूटपाट की है और कई और संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया है। डूंगरपुर के पुलिस अधीक्षक के वाहन सहित पुलिस के कई वाहनों को जला दिया गया है। पथराव में 35 पुलिस वाले घायल हुए हैं।