फतेहपुर में पारा पहुंचा -3 और मांउट में जमाव बिन्दु पर पहुंचा

जयपुर
प्रदेश में पड़ रही कड़ाके की सर्दी ने लोगों की दिनचर्या को अस्त-व्यस्त कर दिया है। सीकर के फतेहपुर शेखावाटी में गुरुवार को तापमापी पारा जमाव बिन्दु से नीचे मानइस 3 डिग्री जा पहुंचा। वहीं माउंट आबू में यह जमाव बिन्दु के नजदीक पहुंच गया है। इससे फसलों पर बर्फ की परत जम गई। जबकि चूरू में 1.3 डिग्री दर्ज किया गया है। प्रदेश के कई इलाकों को जोरदार कोहरा छाया हुआ है।

अभी कड़ाके की सर्दी से राहत मिलने की संभावना नहीं: सीकर के फतेहपुर शेखावाटी में सुबह का न्यूनतम तापमान माइनस 3 डिग्री दर्ज किया गया। तापमान के जमाव बिंदु के नीचे चले जाने से जहां खेतों में फसलों पर बर्फ जम गई तो वहीं घरों के अंदर रखा पानी भी बर्फ में बदल गया। फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार मौसम के खुलने की वजह से तापमान में गिरावट आई है। अभी कड़ाके की सर्दी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। सिरोही जिले की पर्वत नगरी माउंट आबू में गुरुवार को एकाएक फिर तापमान में गिरावट आई। इससे पारा जमाव बिंदु के नजदीक पहुंच गया है। इसकी वजह से सुबह के समय मैदानी इलाकों में पेड़-पौधों और शहर में कारों की छतों पर बर्फ की परत देखने को मिल रही है। सर्द हवाओं ने माउंट आबू के सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर रखा है। सुबह के समय लोग अलाव जलाकर सर्दी से बचने का जतन कर रहे हैं।

चूरू में सर्द हवाओं ने किया जीना मुहाल
चूरू में मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री दर्ज किया है। जिले के खुले इलाकों में अलसुबह ओस की बूंदें फसलों पर जम गई, इससे वहां बर्फ की सफेद चादर सी दिखाई दी। लोग अलाव तापकर सर्दी से राहत का जुगाड़ करते नजर आए। नश्तर सी चुभती हवाओं ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है।

अलवर-करौली कोहरे की आगोश में
अलवर जिले में कोहरे ओर सर्दी से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। कोहरे में आज पूरे इलाके को अपनी आगोश में ले लिया। जिले में अलवर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। कोहरे की वजह से सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। वाहन चालक दिन में भी लाइट जला कर चल रहे हैं। यहां न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस रहा है। करौली में भी घना कोहरा छाया रहा।