
जयपुर। उदयपुर में कन्हैया लाल की बर्बर हत्या का मामला पूरे देश में छा रहा है। मगर हत्या के मुख्य आरोपित की नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया के साथ फोटो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा को घेरा है। राज्यसभा सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने जयपुर में शनिवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा का आतंकवाद से नाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी आतंकवाद पर राजनीति नहीं की है। हमने देशहित को सर्वोपरि रखा, लेकिन भाजपा वोटबैंक की पॉलिटिक्स करती है। भाजपा के तार आतंकवादियों से जुड़े हैं। जब भी केंद्र सरकार फेल होने लगती है, तब इस तरह की घटनाएं होती है।
उन्होंने कहा कि उदयपुर घटना का मुख्य आरोपित बीजेपित का कार्यकर्ता है। नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया के साथ उनकी फोटो सामने आई है। मग़र वो कहते हैं फ़ोटो गलत है। कभी कहते हैं कि हमारे साथ कोई भी फ़ोटो खिंचवा सकता है। वो गृहमंत्री रहे हैं इसलिए ये बयान मानने लायक नहीं हैं। गोहिल ने जयपुर आये अमित शाह पर हमला बोला और कहा कि अमित शाह राजस्थान आये हैं तो जवाब दें। कश्मीर में जो आतंकवादी पकड़ा गया, उसका भाजपा के साथ क्या कनेक्शन है। गोहिल ने केंद्र सरकार से सवाल किया कि जहां चुनाव नजदीक आता है, जहां भाजपा की स्थिति सही नहीं है वहां ऐसी घटनाएं क्यों होती। भाजपा जवाब दे। जहां भाजपा का शासन है वहां ऐसी घटनाएं होती है तो एनआईए क्यों नहीं जाती। इसका भी भाजपा जवाब दे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकार के शासन में पूरे देश में भय का माहौल बना हुआ है तथा आमजन सुरक्षा को लेकर आशंकित एवं भयभीत है। उदयपुर की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में शामिल आतंकवादी के भाजपा एवं भाजपा नेताओं से सम्बद्धता की जानकारी सामने आई है। इसी प्रकार जम्मू में पकड़ा गया आतंकी भाजपा का पदाधिकारी निकला है। इन घटनाओं की जांच एनआईए को करनी चाहिए। डोटासरा ने कहा कि भाजपा के नेता संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग विपक्ष के नेताओं को प्रताडि़त करने के लिये कर रहे हैं, पूरे देश में शंका का माहौल है। भाजपा की केन्द्र सरकार लोकतंत्र को मजबूत करने की बजाय कमजोर करने का कार्य कर रही है।