
विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा : यह सदन जनता की समस्याओं को उठाने का सशक्त मंच
जलतेदीप,जयपुर। राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को सदन में कहा कि यह सदन पक्ष और प्रतिपक्ष दोनों के सदस्यों के सहयोग से चल रहा है। सदन की बैठकों को व्यवस्था से चलाने में सभी सदस्यों से सहयोग की अपेक्षा है। इसके लिए सदस्यों को आसन द्वारा दी जाने वाली व्यवस्थाओं का अक्षरश: पालन करना होगा। यहां सभी बराबर है। समय निश्चित है। यह व्यवस्था संबंधित सचेतक द्वारा की जानी है कि उन्हें कितने सदस्यों को बुलवाना है, सचेतक को उसी हिसाब से सदस्य के लिए समय भी निर्धारित करना होगा।
सदस्य अपनी बात को स्प्ष्ट तरीके से रखें
स्पीकर देवनानी ने कहा कि सदस्यों को सदन में बोलने के लिए विषय वस्तु पर अध्ययन करना चाहिए। सदस्यों को समय सीमा को ध्यान में रखते हुए अपनी बात को स्पष्ट तरीके से रखें, ताकि उसका लाभ जनता को मिल सकें। देवनानी ने कहा कि यह पवित्र सदन है। जनता का सदन है। जनता की समस्याओं को उठाने का सशक्त मंच है। यदि बहस सार्थक होगी तो उसका लाभ जनता को मिल सकेगा।
विधायकों के सुझाव पॉलिसी बनाने में सहायता करते हैं
देवनानी ने कहा कि वे कठोर नहीं बनना चाहते है। इसलिए विधायकों से अपनी बात को सार्थक तरीके से रखने का आग्रह करते है। आसन का कार्य समय का पालन कराना है। एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने के बजाए समस्या को स्पष्ट तरीके से उठाकर सार्थक बहस का हिस्सा बने। सार्थक बहस में विधायकगण के आने वाले सुझाव राज्य के पॉलिसी मेटर बनाने में भी सहायक होते हंै। कुछ कमियां होती है, उनके संदर्भ में विधायकगण के उचित सुझाव आएंगे तो उसके अनुरूप परिवर्तन भी कराये जा सकते है। कमियां निकालना विधायकगण का अधिकार है और कर्तव्य भी लेकिन उसका अर्थ आरोप प्रत्यारोप लगाया जाना ही नहीं होना चाहिए।
वासुदेव देवनानी ने विधायकों से किया अनुरोध: व्यवस्था का पालन करें
स्पीकर देवनानी ने विधायकगण से अनुरोध किया कि प्रत्येक विधायक व्यवस्था का पालन करें। इससे सदन में की जाने वाली बहस की सार्थकता बढ़ सकेगी। जनता को भी इसका लाभ मिल सकेगा। सदन के प्रत्येक पल का भी सदुपयोग हो सकेगा। सदन में किस विषय पर कौन-कौन से विधायक बोलेंगे, यह तय करने का कार्य संबंधित दल के सचेतक का होता है। इसलिए विधायकगण संबंधित सचेतक से ही बोलने के लिए सम्पर्क करेंगे। निर्दलीय सदस्य भी अपनी व्यवस्था भी आपस में मिलकर तय करेंगे।
अतिवृष्टि से उत्पन्न समस्याओं के प्रति सरकार तत्काल आवश्यक कदम उठाए
राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष देवनानी ने सदन में कहा कि पाइन्ट ऑफ इन्फोरमेशन पर विधायकगणों ने विभिन्न जिलों में विभिन्न स्थानों पर बरसात से जल भराव की स्थिति के बारे में बताया है।यह समस्या किसी एक जिले की नहीं है, पूरे राज्य में जगह-जगह गलियों और सड़कों पर पानी भर गया है और आपात जैसी परिस्थितियां पैदा हो गई है। प्रदेश में जहां भी अतिवृष्टि हुई है वहां पर जन सामान्य की दिनचर्या में कठिनाइयां खडी हुई है। राज्य सरकार इस संबंध में तत्काल उचित कदम उठाए।