महिला के आत्मनिर्भर बनने पर ही विकसित भारत का सपना साकार होगा : उपमुख्यमंत्री डॉ. बैरवा

उपमुख्यमंत्री डॉ. बैरवा
उपमुख्यमंत्री डॉ. बैरवा

भीलवाड़ा। उपमुख्यमंत्री एवं भीलवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने मंगलवार को लघु उद्योग भारती द्वारा महिला सशक्तीकरण की थीम पर आयोजित स्वयंसिद्धा 2025 मेले का अवलोकन किया और महिला उद्यमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उपमुख्यमंत्री डॉ. बैरवा ने नगर निगम सभागार में लघु उद्योग भारती द्वारा महिला सशक्तीकरण विषय पर आयोजित सेमिनार में भाग लिया। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब मातृशक्ति आत्मनिर्भर बनेगी।” उन्होंने लघु उद्योग भारती की सराहना करते हुए कहा कि संस्था महिलाओं को बाजार से जोड़ने और उन्हें प्रोत्साहित करने में महती भूमिका निभा रही है।

उपमुख्यमंत्री ने स्वयंसिद्धा जैसे आयोजनों को महिला आत्मविश्वास की आधारशिला बताया और कहा कि इस तरह के प्रयास समाज को समृद्ध और संतुलित बनाने की दिशा में मील का पत्थर हैं। भारतीय रक्षा अनुसंधान संस्थान की वैज्ञानिक डॉ. मीना मिश्रा ने कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने सेमी कंडक्टर चिप निर्माण जैसी जटिल चुनौतियों को अपनी टीम के साथ बिना पूर्व जानकारी के भी सफलतापूर्वक पूरा करने का उदाहरण देते हुए बताया कि दृढ़ संकल्प से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।

कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल ने लघु उद्योग भारती को सरकार और उद्यमियों के बीच सेतु की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिला स्वावलंबन को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने लघु उद्योग भारती द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। लघु उद्योग भारती की प्रदेश उपाध्यक्ष और स्वयंसिद्धा आयाम की प्रमुख अंजू सिंह ने बताया कि मेला महिलाओं के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने का मंच है। साथ ही, संस्था उद्योगों को सरकारी योजनाओं और ऋण सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास भी करती है। भीलवाड़ा इकाई की अध्यक्षा पल्लवी लड्ढा ने बताया कि दो दिवसीय मेले का उद्देश्य महिला शक्ति के प्रयासों को मंच प्रदान करना है। मेले में विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने अपने उत्पादों की शानदार प्रदर्शनी लगाई है। कार्यक्रम में अनेक महिला चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, डॉक्टर्स और समाजसेविकाओं का भी सम्मान किया गया।

इससे पूर्व मंगलवार प्रातः जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू एवं पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने स्वयंसिद्धा 2025 मेले का विधिवत शुभारंभ किया। उनके साथ लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र भी उपस्थित रहे। लघु उद्योग भारती की सचिव एवं कन्वीनर नीता बंसल ने बताया कि प्रदर्शनी में जोधपुर, जयपुर, ब्यावर, अलवर, कोटा, किशनगढ़, राजसमंद सहित कई शहरों की महिलाओं द्वारा लगाई गई 70 से अधिक स्टॉल शामिल हैं। इन स्टॉल्स में हैंडीक्राफ्ट, राखी, कुर्ती, होम डेकोर, साड़ी, हैंडलूम, गिफ्ट आइटम, गृह निर्मित चॉकलेट सहित कई उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। फूड स्टॉल्स ने बच्चों और बड़ों दोनों का दिल जीत लिया। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में वोकल फॉर लोकल पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिल सके।

इस अवसर पर विधायक अशोक कोठारी, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य चंदा मूंदड़ा, सरिता अग्रवाल, रेखा इनानी, आशा सोमानी, आशा अग्रवाल, शोभा डाड, सुमित्रा हुरकुट, रीटा गोयल, रक्षा जैन सहित अनेक गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का मंच संचालन रीना डाड और शिखा भदादा ने किया। मेले की आयोजक पल्लवी लड्ढा ने बताया कि स्वयंसिद्धा 2025 मेला बुधवार को भी चलेगा। यह मंच महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन देने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है।

यह भी पढ़े : राजीविका एम्पावरमेंट कमेटी की 20 वीं बैठक सम्पन्न