चिराग शेट्टी और सात्विक साईराज की जोड़ी ने मैथियास बोए को अपना नया कोच नियुक्त किया

बैडमिंटन के मेन्स डबल्स कैटेगरी में वल्र्ड नंबर-10 भारत के चिराग शेट्टी और सात्विक साईराज रैंकी रेड्डी की जोड़ी ने मैथियास बोए को अपना नया कोच नियुक्त किया है। इसे टारगेट ओलिंपिक पोडियम स्कीम ने शुक्रवार को अप्रूव भी कर दिया। डेनमार्क के मैथियास 2012 लंदन ओलिंपिक में मेन्स डबल्स इवेंट में सिल्वर मेडलिस्ट भी रहे थे।

सात्विक और चिराग की जोड़ी फिलहाल टोक्यो ओलिंपिक की रेस में 9वें नंबर पर है। कुल 16 जोड़ी को ओलिंपिक में मेन्स डबल्स इवेंट में एंट्री मिलेगी। मैथियास टॉप्स के अंदर आने वाले अन्य भारतीय डबल्स जोड़ी की भी मदद कर सकेंगे। इनमें सात्विक-अश्विनी पोनप्पा और अश्विनी पोनप्पा-सिक्की रेड्डी की जोड़ी शामिल है।

मैथियास ने बैडमिंटन करियर में 2011 और 2015 में दो बार ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप जीता है। साथ ही 2013 में वल्र्ड चैम्पियनशिप में सिल्वर मेडलिस्ट रहे थे। चिराग शेट्टी मैथियास के साथ पहले भी कुछ टूर्नामेंट्स में पार्टनर रह चुके हैं। बैडमिंटन टूर सस्पेंड होने के बाद चिराग ने मैथियास के साथ ही मुंबई में ट्रेनिंग की थी।