हम सभी सौभाग्यशाली हैं जिन्हें विश्व के सबसे बड़े राजनैतिक दल भाजपा में काम करने का मौका मिला : भजनलाल शर्मा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर। लोकसभा चुनाव के द्वितीय चरण का मतदान संपन्न होने के बाद आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में चुनाव प्रबंधन का स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रदेश भाजपा की चुनाव प्रबंधन में लगी टीम का और प्रत्येक कार्यकर्ता का मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ भाजपा के राष्ट्रीय संगठक वी.सतीश, सह प्रभारी विजया राहटकर और चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक ओंकार सिंह लखावत ने तहे दिल से धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।

भाजपा चुनाव प्रबंधन स्नेह मिलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता की मेहनत एवं परिश्रम परिणाम को परिवर्तित करने वाला है। मेहनत को आप जहां भी करते हैं वह परिणाम देती है। जिज्ञासा आपको अतिरिक्त शक्ति देती है पावर देती है।

चुनाव प्रबंधन का काम करने वाले लोगों को जिज्ञाशु होना चाहिए। काम की पराकाष्ठा जीत दिलाती है। कार्यकर्ता की मेहनत ही उसकी पहचान है, हम सभी सौभाग्यशाली हैं जो विश्व के सबसे बड़े राजनैतिक दल में काम करने का मौका मिला।

राष्ट्र निर्माण के लिए हम काम कर रहे हैं और ऐसा अवसर सौभाग्य से मिलता है। चुनाव में कार्यकर्ताओं ने अपने दायित्व का निर्वहन बेहतरीन तरीके से किया है उसके लिए सभी का धन्यवाद। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि चुनाव प्रबंधन के दौरान जब कार्य किया गया तो उससे सभी को एक नया अनुभव मिला है।

हर बार हर किसी को नया अनुभव जरूर मिल रहा है। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ताओं को अपने अनुभव एक दूसरे के साथ साझा करना चाहिए। संगठन में कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता।

चुनाव प्रबंधन की टीमों में मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी, प्रवास सहित विभिन्न टीमों द्वारा आपसी तालमेल के साथ बेहतरीन तरीके से कार्य को परिणाम के साथ पहुंचाया है। हम सभी को संगठन के कार्यों में नए कार्यकर्ताओं को भी जोड़ना चाहिए।

भाजपा के राष्ट्रीय संगठक वी.सतीश ने चुनाव प्रबंधन के स्नेह मिलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि चुनावों के बाद कार्यकर्ताओं के अनुभवों का आदान-प्रदान होना अति आवश्यक है। किसी कार्य के पुरा होने के बाद उसके अनुभवों को एक दूसरे के साथ साझा करते हुए नए कार्य की ओर अग्रसर हो जाना चाहिए। भाजपा जैसी विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी में चुनाव प्रबंधन टीम वर्क की भावना के साथ ही संपूर्ण हो पाया है।

हर बार हर कार्य में नए कार्यकर्ताओं का जुड़ना और नए अनुभवों को एक दूसरे से साझा करना ही भाजपा के कार्यकर्ता की प्रवृति है। ये ही अनुभव कार्यकर्ता का राजनैतिक प्रशिक्षण है। हमें चुनाव प्रबंधन में कार्य करने वाले सभी विभागों के प्रत्येक कार्यकर्ता से उसके अनुभव और सुझाव लेना चाहिए। भाजपा में सीखने के लिए हमें सदैव तैयार रहना चाहिए और ऐसी ही प्रवृति भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की है और होनी भी चाहिए।