
नैरोबी में इंडो ईस्ट अफ्रीका ट्रेड एक्सपो के दौरान राजसिको अध्यक्ष राजीव अरोड़ा के नेतृत्व में केन्या के प्राइम कैबिनेट सचिव डॉ मूसलिया मुड़ावाडी से राजस्थान के निर्यातक दल की भेंट
राजस्थान निर्यात संवर्धन परिषद व फ़ोर्टी का संयुक्त आयोजन
जयपुर। तीन दिवसीय इंडो ईस्ट अफ्रीका ट्रेड एक्सपो 2023 में केन्या पहुँचे राजस्थान लघु उद्योग निगम एवं राजस्थान निर्यात प्रोत्साहन परिषद के अध्यक्ष राजीव अरोड़ा के नेतृत्व में प्रदेश के निर्यातकों के दल ने केन्या के प्राइम कैबिनेट सचिव डॉ मूसलिया मुड़ावाडी व उच्च अधिकारियों से भेंट की। इस अवसर पर दोनों पक्षों के मध्य द्विपक्षीय व्यापार के संवर्धन तथा केन्या में निवेश की संभावनाओं पर सकारात्मक चर्चा की गई। राजीव अरोड़ा और डॉ मुड़ावाडी के मध्य इंडो ईस्ट अफ्ऱीका एक्सपो का आयोजन प्रतिवर्ष नैरोबी में करने, केन्या के प्रतिनिधि मंडल द्वारा राजस्थान में प्रजेंटेशन देने तथा केन्या व राजस्थान निर्यात संवर्धन परिषद के मध्य उच्च स्तरीय एमओयू साइन किए जाने पर चर्चा हुई।
दोनों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 90 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है
इस अवसर पर राजीव अरोड़ा ने बताया कि भारत और अफ्रीका महाद्वीप के रिश्ते ऐतिहासिक रूप से परस्पर सम्बद्ध रहे हैं। दोनों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 90 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। आज अफ्रीका के कुल वैश्विक आयात में भारत के निर्यात की हिस्सेदारी 5.2 प्रतिशत से अधिक है, वहीं, अफ्रीकी देशों से दुनिया भर को होने वाले निर्यात में भारत की हिस्सेदारी, वर्ष 2020 में सात प्रतिशत थी।
अरोड़ा ने कहा कि भारत से जिन अफ्रीकी देशों को सबसे ज़्यादा निर्यात होता है, उनमें दक्षिण अफ्रीका, नाइजीरिया, मिस्र, केन्या, मोज़ांबीक़ और तंज़ानिया सबसे आगे हैं। भारत से अफ्रीकी देशों को होने वाले निर्यात में पेट्रोलियम उत्पाद सबसे ज़्यादा हैं। इनके बाद दवाओं, गाडिय़ों और अनाज का नंबर आता है। राजस्थान और केन्या के व्यापारिक संबंधों को लेकर राजीव अरोड़ा ने कहा कि राजस्थान और केन्या के व्यापारिक संबंधों के विशेष मायने हैं। राजस्थान से केन्या में नमक, सल्फर, अर्थ स्टोन, प्लास्टर, चूना और सीमेंट आदि निर्यात की प्रचुर संभावनाएं हैं। पूर्वी अफ्रीका के प्रवेश द्वार और और व्यापार एवं वाणिज्य के क्षेत्रीय केंद्र के रूप में प्रदेश के लिए केन्या अत्यंत महत्वपूर्ण है। केन्या अकेले राजस्थान से हर वर्ष लगभग 512 करोड़ रुपये का सामान आयात करता है, इससे स्पष्ट होता है कि भारत के केन्या के साथ व्यापारिक संबंधों में राजस्थान की उल्लेखनीय भूमिका है। पूर्वी अफ्रीकी देशों में केन्या राजस्थान से आयात करने में प्रथम स्थान पर है। अन्य पूर्वी अफ्रीकी देश जैसे तंजानिया, युगांडा, रवांडा, मेडागास्कर, मोजाम्बिक और मौरिसस भी राजस्थान से महत्वपूर्ण मात्रा में सामान और सेवाएँ आयात कर रहे हैं। अरोड़ा ने आगे कहा कि राजस्थान निर्यात प्रोत्साहन परिषद प्रदेश के निर्यात संवर्धन के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है। राजीव अरोड़ा के नेतृत्व वाले इस दल में आईसी अग्रवाल, सुरजाराम मील, डॉ सोनवीर सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहे।
यह भी पढ़ें : एडवोकेट ललित शर्मा को मिला कर्मयोगी सम्मान