
कोलेस्ट्रॉल लेवल बढऩा एक गंभीर समस्या बनता जा रहा है। शरीर के बेहतर कामकाज के लिए इसकी जरूरत होती है लेकिन इसकी ज्यादा मात्रा स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। कोलेस्ट्रॉल एक मोम जैसा पदार्थ होता है, जो खून में मौजूद होता है। कई बार यह खून में चिपक जाता है और खून की नसों को ब्लॉक कर देता है। खून की नसों में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा बढऩे से ब्लड फ्लो धीमा हो जाता है, जिससे ब्लड प्रेशर की समस्या हो सकती है। ब्लड फ्लो में किसी भी तरह की रुकावट दिल से जुड़े रोगों और हार्ट अटैक का जोखिम बढ़ जाता है। हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों के जोखिम को कम करने के लिए आपके कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल रखना जरूरी है।
हाई कोलेस्ट्रॉल के लक्षण

शरीर में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा बढ़ जाने पर आपको विभिन्न प्रकार के लक्षण दिखाई देते हैं। हाई कोलेस्ट्रॉल होने पर ज्यादा थकान लगना, बेचैनी महसूस होना, हाथ पैरों में सूजन आना, सीने में दर्द होना या सांस लेने में दिक्कत होना आम बात है। हाई कोलेस्ट्रॉल के लक्षण इतने सामान्य से होते हैं कि बिना किसी चिकित्सक की मदद के इसका पता लगा पाना असंभव हो जाता है। इसके अतिरिक्त, हाई कोलेस्ट्रॉल का प्रभाव आपकी आंखों पर भी देखने को मिलता है। कई बार इससे आपकी दृष्टि भी प्रभावित होती है और आपको धुंधला दिखाई देने लगता है। आंखों के पास पीले धब्बे पडऩा या आंखों में पीड़ा होना भी हाई कोलेस्ट्रॉल के ही लक्षणों में से हैं।
आंखों के इन संकेतों से लगाएं हाई कोलेस्ट्रॉल का पता

जैसा कि हमने आपको बताया, आप अपनी आंखों या उनके आस-पास दिख रहे बदलावों के जरिए भी हाई कोलेस्ट्रॉल का पता लगा सकते हैं। हाई कोलेस्ट्रॉल से ग्रसित व्यक्ति की आंखों में मुख्यत: तीन तरह के लक्षण दिखाई देते हैं।
जैंथेलाजमा
जैंथेलाजमा में व्यक्ति की आंखों की पलकों पर या आंखों के पास की त्वचा से नाक तक पीले-पीले धब्बे दिखाई देते हैं। कई बार यह निशान बाहर की तरफ उभरे हुए भी होते हैं। पीले रंग के यह निशान त्वचा के नीचे मौजूद कोलेस्ट्रॉल के कारण बनते हैं। इनको ज्यादा हानिकारक नहीं माना जाता है क्योंकि यह व्यक्ति की देखने की क्षमता प्रभावित नहीं करते हैं।
आर्कस सेनिलिस या कॉर्नियल सेनिलिस
ज्यादा कोलेस्ट्रॉल के कारण कई बार व्यक्ति को अपनी आंख में मौजूद कॉर्निया के चारों ओर सफेद या पीले रंग की रिंग जैसी आकृति भी देखने को मिलती है। यह गोल आकृति कॉर्निया में वसा और कोलेस्ट्रॉल के जमा हो जाने के कारण दिखाई देती है।
रेटिनल वेन ऑक्लूजन
इस स्थिति में रेटीना में जा रही खून की नसें ब्लॉक हो जाती हैं, जिस कारण खून का रिसाव होने लगता है। इसके परिणामस्वरूप व्यक्ति की आंखों में सूजन दिखाई देने लगती है और संभवत: उसकी देखने की क्षमता भी जा सकती है। इसमें कोई दो राय नहीं है कि हाई कोलेस्ट्रॉल एक गंभीर समस्या है जो आपके हृदय के साथ-साथ आपकी आंखों के लिए भी हानिकारक हो सकती है। इसलिए इसे नजरंदाज करने की भूल ना करें और इसके लक्षण दिखाई देने पर तुरंत किसी चिकित्सक से परामर्श लें।
यह भी पढ़ेें : भूपेश मेहता बने जीतो यूएसए वाशिंगटन डीसी चैप्टर के अध्यक्ष