
नौतपा के तीसरे दिन फलौदी देश में सबसे गर्म
नई दिल्ली। नौतपा के तीसरे दिन भी उत्तरी भारत का अधिकांश इलाका भीषण गर्मी की चपेट में है। देश के लगभग 37 शहरों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है। राजस्थान में भारत-पाक बॉर्डर पर बीएसएफ के एक जवान की लू लगने से मौत हो गई है। सोमवार को राजस्थान भयंकर लू की चपेट में रहा। राजस्थान में पिछले चार दिनों में गमी्र से मरने वालों की संख्या 27 पहुंच गई है।
फलौदी में पारा 51 डिग्री
राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और गुजरात में प्रचंड गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है. इस गर्मी में हीट स्ट्रोक के मामले काफी देखने को मिल रहे हैं। राजस्थान का फलौदी लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 51 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले फलौदी का तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
नौतपा में हिल स्टेशन भी हुए गर्म
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के 37 शहरों में रविवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले 17 शहरों में इतना तापमान था। यहां तक कि हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियां, जो मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी से बचने के लिए एक पसंदीदा जगह है, वहां भी खूब गर्मी पड़ रही है। शिमला में 30.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहा, जबकि ऊना में 44.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
दिल्ली में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर
दिल्ली में करीब आठ स्थानों पर अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जिसमें मुंगेशपुर और नजफगढ़ में 48.3 डिग्री सेल्सियस और 48.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं हरियाणा के नारनौल में पारा 47 डिग्री सेल्सियस और पंजाब के फरीदकोट में 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। महाराष्ट्र में प्रशासन ने श्रमिकों के लिए पीने के पानी और पंखों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा प्रशासन ने निर्देश दिया है कि दोपहर के समय निजी कोचिंग कक्षाएं नहीं लगाई जानी चाहिए।
यह भी पढ़ें:चक्रवाती तूफान ‘रेमल’ से बंगाल में भारी तबाही