
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को किया संबोधित
हाथरस। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकसित भारत, सर्वांगीण विकास ही मोदी की गारंटी है। विकसित भारत में बिना भेदभाव हर व्यक्ति, जाति-समुदाय को सम्मान व आगे बढ़ने का अवसर मिले। बेटी-व्यापारियों को समान सुरक्षा की गारंटी हो, जहां अराजकता नहीं बल्कि कानून का राज हो। जातिवाद-परिवारवाद नहीं, सबका साथ-सबका विकास हो और यही विकसित भारत की परिकल्पना का आधार है।
उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी को हमने जमीनी धरातल पर उतरते देखा है, इसलिए पूरे देश को Óमोदी की गारंटीÓ पर विश्वास है। मोदी पर अंगुली उठाने वाले भारत के विकास में अवरोधक हैं। यह विकसित भारत के मार्ग के बैरियर हैं। हमें इन बैरियर को हटाना होगा और मोदी जी के नेतृत्व में सुरक्षित व समृद्ध भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए कार्य करना होगा।
हाथरस ब्रज मंडल का प्रवेश द्वार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को हाथरस में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि हाथरस ब्रज मंडल का प्रवेश द्वार है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2020 में आत्मनिर्भर भारत की बात कही। प्रबुद्धजन समाज को नेतृत्व देते हैं, इसलिए आपका आह्वान करने आए हैं। चुनाव की बागडोर अपने हाथों में लेकर आप यूपी के लक्ष्य के अनुरूप परिणाम देने के लिए मोदी जी को 80 सीटों की जीत की माला दें। प्रबुद्धजन समाज की मान्यता व राय को आवाज देते हैं। अपने ओपिनियन के माध्यम से मार्गदर्शन करते हैं, इसलिए आप पर जिम्मेदारी भी है।
आपने बदलते हुए नए भारत का दर्शन किया
योगी ने कहा कि आपने बदलते हुए नए भारत का दर्शन किया है। आपने 2014 के पहले की अराजकता देखी है और उसके बाद का एक भारत-श्रेष्ठ भारत भी देखा है। यहां सुरक्षा-समृद्धि, आजीविका व आस्था का सम्मान भी देखा है। भारत का सम्मान 140 करोड़ लोगों का सम्मान है। यहां इंफ्रास्ट्रक्चर के अनेक कार्य हुए हैं। आज विकास हमारी पहचान बन रही है। गरीब कल्याणकारी योजनाओं का कोई सानी नहीं है।
न जाति-न भाषा, सभी को समान रूप से दिया गया योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह चुनाव फैमिली फर्स्ट और नेशन फस्ट के बीच है। तुष्टिकरण बनाम भारत की आस्था का चुनाव है। हमें देखना है कि अराजकता, दंगा, कर्फ्यू लगाने वालों के हाथों में फिर सत्ता आएगी या दंगामुक्त, कर्फ्यूमुक्त, सुरक्षित वातावरण देने वाली मोदी की सरकार आएगी, जिसने बिना भेदभाव शासन की योजनाओं का लाभ दिया है। न जाति, न पाति, न क्षेत्र, न भाषा देखी गई, सभी को समान रूप से विकास की योजनाओं का लाभ दिया गया।
भाजपा है तो सुरक्षा है
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भी यहां आया था। आपने सभी सीटों पर कमल खिलाया। प्रदेश में भाजपा सरकार है तो सुरक्षा है, विकास है, गरीब कल्याणकारी योजनाएं धरातल पर उतरती दिख रही है। लोगों के मन में अपनत्व का भाव है। धर्माचार्यों की मंशा भी पूरी हो गई। जिसके लिए पीढ़ियां तरस रही थीं, वह कार्य बढ़ा और रामलला अयोध्या में विराजमान हो गए। प्रभु राम के साथ संवाद बनाने का कार्य त्रिकालदर्शी महर्षि वाल्मीकि ने किया। अयोध्या एयरपोर्ट का नाम भी महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया।