मुंबई पुलिस को बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया पर 80 हजार फर्जी अकाउंट्स बनाए गए

मुंबई। सुशांत सिंह राजपूत की मौत को लेकर रोजाना नए-नए खुलासे हो रहे हैं। हाल ही मुंबई साइबर पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि महाराष्ट्र सरकार और मुंबई पुलिस की जांच को बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया पर 80,000 से ज्यादा फर्जी अकाउंट्स बनाए गए थे।

बता दें कि 14 जून को बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगा ली थी। सुशांत की मौत के बाद सोशल मीडिया पर उनकी हत्या को लेकर आवाज उठी और कई हैशटैग टॉप ट्रेंड में रहे। इस पर मुंबई साइबर पुलिस ने खुलासा करते हुए कहा कि मुंबई पुलिस को बदनाम करने के लिए फर्जी अकाउंट्स बनाए गए और उनसे हैशटैग चलाए गए।

पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने कहा कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और साइबर सेल यूनिट इस मामले की अब विस्तृत जांच करेगी। कमिश्नर ने बताया कि ज्यादातर फेक अकाउंट्स का प्रॉक्सी सर्वर विदेशों का है। साइबर सेल की रिपोर्ट में कहा गया है कि मुंबई पुलिस के खिलाफ इटली, जापान, पोलैंड, स्लोवेनिया, इंडोनेशिया, तुर्की, थाइलैंड, रोमानिया जैसे देशों से पोस्ट की गई थीं। 

यह भी पढ़ें- ड्रग्स मामले में गिरफ्तार एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती को बॉम्बे हाईकोर्ट से मिली जमानत