टोक्यो ओलिंपिक : भारत की पुरूष हॉकी टीम ने अर्जेटीना को 3-1 से हराया, कल जापान से होगा मुकाबला

भारत की पुरुष हॉकी टीम ने टोक्यो ओलिंपिक में गुरुवार को अर्जेंटीना को 3-1 से हराया। अर्जेंटीना की टीम रियो ओलिंपिक की गोल्ड मेडलिस्ट रही है। इस बार भारतीय टीम ने जैसा प्रदर्शन किया उससे यही संकेत मिल रहे हैं कि इस खेल में भारत अब पुरानी प्रतिष्ठा दोबारा हासिल करने की राह पर है।

ग्रुप राउंड में तीन मैच जीतकर भारतीय टीम ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी बनाया है। 37 साल बाद भारतीय टीम ग्रुप स्टेज में 3 मुकाबले जीतने में सफल रही है। आखिरी बार भारत ने यह कारनामा 1984 में किया था।

भारतीय टीम ने गुरुवार को पूल ए के मुकाबले में अर्जेंटीना को एकतरफा अंदाज में 3-1 से हराया। चारों क्वार्टर के खेल में भारतीय टीम ने दबदबा बनाए रखा। पहले दो क्वार्टर में कोई टीम गोल नहीं कर सकी, लेकिन सर्कल पेनिट्रेशन में भारत आगे रहा। भारत के लिए पहला गोल वरुण कुमार ने मैच के 43वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर किया।

इसके बाद चौथे क्वार्टर के आखिरी दो मिनट में भारत की ओर से दो गोल हुए। विवेक सागर प्रसाद ने 58वें मिनट में और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 59वें मिनट में गोल किया। अर्जेंटीना के लिए कैसिला ने 48वें मिनट में गोल किया।

ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला जापान से कल

भारतीय टीम का आखिरी पूल मैच शुक्रवार को मेजबान जापान से होगा। जापान की टीम इस गु्रप की सबसे कमजोर टीम है और अपने चार में से तीन मैच हारी है। भारतीय टीम अगर जापान को हराती है तो 1972 के बाद पहली बार गु्रप स्टेज में चार मुकाबले जीतेगी। 1972 ओलिंपिक में भारत ने गु्रप स्टेज में 7 में से 5 मैच जीते थे।

यह भी पढ़ें-भारत-श्रीलंका के बीच तीसरा टी-20 मैच आज, टीम इंडिया के लिए बल्लेबाजी बनी परेशानी