जापान में 10 साल बाद फिर सूनामी ने दी दस्तक, 7.2 तीव्रता का भूकंप

जापान में 10 साल बाद फिर सूनामी ने दस्तक दी है। समुद्री तट से सटे मियागी प्रांत में शनिवार को 7.2 तीव्रता (मैग्नीट्यूड) के भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इसके बाद करीब एक मीटर (3.2 फीट) ऊंची लहरें समुद्री तट से टकराईं हैं।

मियागी में जापान का एक परमाणु पावर प्लांट भी है। सूनामी से उसे नुकसान पहुंचने की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि भूकंप के बाद स्थानीय लोगों ने प्लांट सुरक्षित होने की बात कही थी, लेकिन सूनामी के तट से टकराने के बाद प्लांट की कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

इस्टर्न जापान रेलवे कंपनी ने बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि भूकंप के बाद सतर्कता बरतते हुए टोहोकू शिंकानसेन बुलेट ट्रेन लाइन को फिलहाल सस्पेंड कर दिया गया है।

इससे पहले जापान में 11 मार्च 2011 को सूनामी आई थी, जिसने बड़ी तबाही मचाई थी। भूकंप का केंद्र उत्तर पूर्वी तट के पास 60 किलोमीटर गहराई में बताया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से ऊंची जगहों पर जाने के लिए कहा है। आसपास बने करीब 200 घरों की बिजली गुल है।

भूकंप से मियागी के कई इलाकों में नुकसान पहुंचा है। पिछले महीने भी जापान के पूर्वी समुद्री तट पर 7.1 तीव्रता का भूकंप आया था। उस समय सूनामी की चेतावनी जारी नहीं की गई थी।

यह भी पढ़ें-पाक प्रधानमंत्री इमरान खान हुए कोरोना पॉजिटिव, दो दिन पहले ही लगवाई थी चीनी वैक्सीन