
सूचना पर गई थी एसटीएफ की टीम, नक्सलियों ने लगा रखा था आईईडी
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में थाना तर्रेम क्षेत्र अंतर्गत मंडीमरका के जंगल में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट की चपेट में आने से एसटीएफ के दो कॉन्स्टेबल भरत साहू और सत्येर सिंह कांगे शहीद हो गए हैं। वहीं, चार जवान पुरुषोत्तम नाग, कोमल यादव, सियाराम सोरी और संजय कुमार घायल हैं, जिनका मेडिकल कॉलेज जगदलपुर में उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिले की सीमा पर दरभा डिवीजन के नक्सली बड़ी संख्या में मौजूद हैं। सूचना पर तीनों जिलों से एसटीएफ, डीआरजी, कोबरा और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम को बुधवार देर शाम अभियान के लिए रवाना किया गया था।
जवानों के वापसी के दौरान बुधवार रात्रि 10 बजे थाना तर्रेम एरिया में मंडीमरका के जंगल में आईईडी विस्फोट की चपेट में आए दो जवान शहीद हो गए। वहीं, चार जवान घायल हैं। घायल जवानों का उपचार जारी है और उनकी हालत सामान्य है। बलिदानी भरत साहू रायपुर और सत्येर सिंह कांगे नारायणपुर के रहने वाले थे। जगदलपुर पुलिस लाइन में आज गुरुवार दोपहर 1 बजे बलिदानी जवानों को सलामी दी जाएगी।
ब्लॉस्ट में दो जवानों की शहादत पर सीएम साय ने जताया दुख
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिला में बुधवार देर रात आईईडी ब्लॉस्ट में दो जवान बलिदान और चार जवान गंभीर रूप से घायल होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने आज गुरुवार को अपने सोशल नेटवर्क एक्स पर पोस्ट कर कहा कि छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के तर्रेम क्षेत्र में बुधवार रात माओवादियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लॉस्ट में एसटीएफ के दो जवानों के शहीद होने और चार जवानों के घायल होने की दु:खद सूचना प्राप्त हुई है। ईश्वर से शहीद जवानों की आत्मा की शांति और घायल जवानों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
यह भी पढ़ें:ट्रेनी आईएएस पूजा खेडकर की मां गिरफ्तार