
जैसलमेर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने शनिवार सुबह सोनार दुर्ग का भ्रमण किया। उन्होंने ऐतिहासिक स्थलों एवं राज प्रासाद संग्रहालय का अवलोकन किया। शेखावत ने संग्रहालय में प्रदर्शित प्राचीन ऐतिहासिक भीति चित्रों, संग्रहित शस्त्रों को अद्भूत खजाना और सोनार दुर्ग को ऐतिहासिक धरोहर बताया। शेखावत ने कहा कि विश्व धरोहर सूची में दर्ज इस किले का अपना एक गौरवमय इतिहास है। इसके प्राचीन स्वरूप एवं सौंदर्य को बनाए रखना हम सब दायित्व है। उन्होंने जैसलमेर के समृद्ध इतिहास के बारे में जानकारी लेते हुए सोनार दुर्ग के बाहरी स्वरूप एवं संकरी गलियों का अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को किले की क्षतिग्रस्त दीवारों और जगह-जगह कमजोर हो रहे पुराने छज्जों एवं अन्य भागों का जीर्णोद्धार कर प्राचीन स्वरूप को लौटने पर जोर दिया। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने सोनार दुर्ग में स्थित भाटी वंश के आराध्य देव श्रीलक्ष्मीनाथ मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।