
उत्तर प्रदेश के बांदा की बेटी को संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में फांसी होने वाली है। लडक़ी दुबई की जेल में बंद है। लडक़ी के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। पिता के मुताबिक दुबई से उसके पास फोन आया है। इसमें बताया कि आपकी बेटी जेल में है। उसे 20 सितंबर के बाद किसी भी वक्त फांसी हो सकती है। दुबई में फंसी बांदा की इस लडक़ी का नाम शहजादी है। शहजादी फांसी
माता-पिता ने सरकार से लगाई गुहार

मात-पिता का कहना है कि उनकी बेटी बेकसूर है। उन्होंने सरकार से बेटी को वापस देश लाने की गुहार लगाई है। आठ साल की उम्र में खाना बनाते वक्त शहजादी का चेहरा बुरी तरह से झुलस गया था। वह रोटी बैंक में काम करती थी। इसी बीच फेसबुक के जरिए उसका संपर्क आगरा के रहने वाले उजैर से हुआ। शहजादी उसके प्रेम जाल में फंस गई। इसके बाद उसने शहजादी को आगरा बुला लिया।
उजैर ने धोखे से भेजा दुबई
माता-पिता के मुताबिक उजैर ने शहजादी से कहा कि उसके चेहरे का इलाज दुबई में हो जाएगा। इसी झांसे में उसने शहजादी का सौदा दुबई में रहने वाले फैज और नादिया दंपति से कर दिया। यहां शहजादी घरेलू काम करती थी। कई बार उसे उत्पीडऩ का भी सामना किया।
इस केस में शहजादी को हुई फांसी की सजा
शहजादी के माता-पिता के मुताबिक दुबई में फैज दंपति का बच्चा बीमार था। इंजेक्शन लगने के बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद उन्होंने बेटी शहजादी पर हत्या का आरोप लगा दिया। दुबई की अदालत ने चार महीने पहले बच्चे की हत्या के आरोप में शहजादी को फांसी की सजा सुनाई है।
बांदा में आरोपियों पर केस दर्ज
इस बीच माता-पिता ने बांदा में आरोपियों के खिलाफ मानव तस्करी और धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कराया है। माता-पिता का साफ कहना है कि उनकी बेटी बेकसूर है। उसे फंसाया गया है। उन्होंने पीएम मोदी और सीएम योगी से भी गुहार लगाई है।
यह भी पढ़ें : प्रदेश में भाजपा के सदस्यता अभियान का आगाज