वैष्णो देवी यात्रा की हुई शुरूआत, दर्शन करने आ रहे है यात्री

जम्मू। पांच महीने बाद वैष्णो देवी यात्रा की शुरुआत आज से हो गई है। सुबह 6 बजे से यात्री दर्शन के लिए जा रहे हैं। अभी भीड़ काफी कम है, स्थानीय लोग ही दर्शन के लिए जा रहे हैं। खासकर कि ऐसे भक्त जो यहां दर्शन के लिए महीने-दो महीने में आते रहते हैं। कोरोना के चलते इस बार यात्रा में विशेष सावधानियां बरती जा रही हैं। यात्रियों के टेंपरेचर जांच के लिए ऑटोमेटिक मशीन लगाई गई है और उन्हें सैनिटाइज किया जा रहा है, इसके बाद ही आगे जाने दिया जा रहा है।

यहां के सभी होटल और रेस्टोरेंट बंद हैं, हालांकि कुछ चुनिंदा लंगर खुले हैं जहां भक्तों के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई है। लंगर के अंदर हर टेबल के बीच गैप रखा गया है, सोशल डिस्टेंसिंग को मेंटेन किया जा रहा है। पहले जत्थे में शामिल रहे रविंद्र दर्शन करके अभी आए हैं। उन्होंने बताया कि पहले गर्भगृह से माता रानी के दर्शन करने में दो से ढाई घंटे का वक्त लगता था, लेकिन आज महज पांच मिनट में दर्शन हो गए।

हमने पूछा कि मां से क्या मनोकामना मांगी तो उन्होंने बताया कि दर्शन हो गए, हमारी मुराद पूरी हो गई। हम यहां महीने में दर्शन के लिए आते रहते हैं लेकिन लॉकडाउन की वजह से 5 महीने से मां के दर्शन नहीं हो पाए थे। हम बस यही चाहते हैं कि फिर से इस तरह से पाबंदी नहीं लगे। ताराकोट मार्ग पूरी तरह से बंद है। वहां से किसी को एंट्री नहीं दी जा रही है। बाणगंगा मार्ग से ही यात्रियों को एंट्री दी जा रही है। बाहर से आने वाले यात्रियों के लिए कोरोना जांच करना अनिवार्य है, लेकिन स्थानीय लोगों की कोरोना जांच नहीं हो रही है। उनका सिर्फ टेंपरेचर चेक किया जा रहा है।

हालांकि मीडियाकर्मियों को ताराकोट मार्ग से ही ऊपर ले जाया गया। उनके लिए गाड़ी की व्यवस्था की गई थी। मंदिर के सामने तक उन्हें गाड़ी से छोड़ा गया। इससे पहले श्राइन बोर्ड के सीईओ रमेश कुमार यहां सुबह आए थे। उन्होंने तैयारियों का जायजा लिया। इस बार यात्रा के लिए पि_ू और खच्चर की व्यवस्था नहीं है। पैदल ही मास्क लगाकर 14 किमी की यात्रा करनी है। इससे पहले आने वाले यात्रियों की हेल्थ जांच के लिए मेडिकल टेंट और डॉक्टरों की टीम तैनात करने की बात कही गई थी, लेकिन अभी तक यह व्यवस्था शुरू नहीं हो सकी है।

दर्शन करने पहुंचे यहां के स्थानीय पंकज शर्मा ने बताया कि उन्होंने दर्शन के लिए कल रजिस्ट्रेशन कराया था। आज वे दर्शन के लिए जा रहे हैं। लंबे समय बाद यात्रा शुरू हो रही है, इसको लेकर वे काफी खुश हैं। वे हर महीने यहां दर्शन के लिए आते रहते हैं, लेकिन लॉकडाउन की वजह से वे नहीं आ पा रहे थे।