
नई दिल्ली । नई दिल्ली से भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने गुरुवार को आईएएनएस से बातचीत की। उन्होंने वाल्मीकि जयंती, हरियाणा में नायब सैनी के शपथ ग्रहण और दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर प्रतिक्रिया दी।
वाल्मीकि जयंती पर भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, ”मैं सभी को वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं देती हूं। आज दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के साथ सभी सात सांसद मंदिर में आए हैं। यहां हम सभी ने भगवान वाल्मीकि का आशीर्वाद लिया है।
भगवान वाल्मीकि का जो जीवन है वह यह दर्शाता है कि आपका वर्तमान और भविष्य केवल आपके संकल्प और कर्म निर्धारित करते हैं। रामायण जैसा महाकाव्य भगवान वाल्मीकि ने मानवता को भेंट किया। जिससे पूरी की पूरी मानव जाति भवसागर से तैर जाए। हम लोग आजीवन उनके ऋणी रहेंगे।
नायब सैनी हरियाणा में दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले रहे हैं। इस पर भाजपा सांसद ने कहा, नायब सैनी बड़े भाई हैं, उन्हें और हरियाणा की जनता को बहुत-बहुत बधाई। तीसरी बार हरियाणा में डबल इंजन की सरकार बनी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता पर यह जनादेश भाजपा को मिला है।