‘वंदे गंगा’ जल संरक्षण-जन अभियान प्रकृति को सहेजने का अवसर : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जालोर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि 5 जून को पर्यावरण दिवस और गंगा दशहरे के शुभ संयोग पर प्रारंभ हुआ ‘वंदे गंगा’ जल संरक्षण-जन अभियान अपार जनसहयोग से जन-जन का अभियान बन रहा है। इस अभियान के तहत अब तक प्रदेशभर में आयोजित लगभग डेढ़ लाख गतिविधियों में 1 करोड़ 10 लाख नागरिकों की भागीदारी रही है। शर्मा बुधवार को जालोर में सीलू घाट पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में नदी, पहाड़ एवं प्रकृति को पूजा जाता है तथा ‘वंदे गंगा’ जल संरक्षण-जन अभियान प्रकृति को सहेजने के साथ ही संस्कृति को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने आह्वान किया कि वे सभी जल संचयन एवं पौधरोपण का संकल्प लेकर प्रदेश को हरियालो राजस्थान बनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के अन्तर्गत अब तक 20 हजार से अधिक जल स्त्रोतों के साथ ही, लगभग 17 हजार कार्यालयों, अस्पतालों एवं विद्यालयों की साफ-सफाई की गई। इस अभियान में 7 हजार पूर्ण कार्यों का अवलोकन-लोकार्पण हुआ और 2 हजार 200 नए कार्यों का शुभारंभ भी किया गया है।

उन्होंने कहा कि जल संरक्षण गतिविधियों के अन्तर्गत लगभग 33 हजार स्थानों पर श्रमदान के कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान 20 जून तक ही सीमित नहीं रहेगा बल्कि आगामी समय में जल संरक्षण के क्षेत्र में प्रेरणा स्रोत के रूप में उभरेगा। शर्मा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए राजस्थान के जालोर एवं बाड़मेर के लिए नर्मदा नदी का पानी उपलब्ध करवाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल की आवश्यकता को देखते हुए हमारी सरकार ने डेढ़ वर्ष के समय में प्रदेश को जल संपन्न बनाने की दृष्टि से ऐतिहासिक निर्णय लिए है। उन्होंने कहा कि रामजल सेतु लिंक परियोजना के माध्यम से प्रदेश के 17 जिलों को पेयजल एवं सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा। इसी तरह शेखावाटी क्षेत्र के लिए यमुना जल समझौते को मूर्त रूप दिया जा रहा है। राज्य सरकार इंदिरा गांधी नहर परियोजना के सुदृढ़ीकरण के लिए कार्य कर रही है ताकि गंगानगर, हनुमानगढ़ से लेकर बाड़मेर, जालोर को भरपूर पानी मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी तरह दक्षिणी राजस्थान के जिलों में जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए देवास परियोजना पर कार्य कर रही है। आने वाले समय में हमारी सरकार चंबल, माही और साबरमती नदियों के अधिशेष जल का प्रदेश में ही उपयोग सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के माध्यम से प्रवासी राजस्थानी भी जल संरक्षण में अहम योगदान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डब ल इंजन की सरकार महिला, किसान, युवा तथा गरीब के कल्याण के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने युवाओं के सपनों को साकार करने की दिशा में परीक्षाओं के समयबद्ध आयोजन के लिए पूरे वर्ष का कैलेण्डर निर्धारित किया है तथा इसके माध्यम से समय पर नियुक्तियां भी प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी प्रकार की चिंता नहीं करे, हमारी सरकार 5 साल में 4 लाख सरकारी नौकरी और निजी क्षेत्र में 6 लाख रोजगार देगी। प्रदेश में किसानों की समृद्धि एवं सम्मान के लिए किसान सम्मान निधि, गेहूं की एमएसपी पर अतिरिक्त बोनस जैसी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही है।

हमारी सरकार किसानों को कृषि कार्यों के लिए भरपूर पानी एवं बिजली उपलब्ध करवाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार अपने हर एक संकल्प को पूरा करेगी। शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार महिला शिक्षा से लेकर उनके रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निरन्तर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि देश में वर्ष 2014 के बाद ‘गरीबी हटाओं’ के नारों की बजाय गरीब कल्याण की दिशा में कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश को गरीबी मुक्त बनाने की दिशा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना संचालित कर रही है, जिसके अन्तर्गत प्रदेश के 5 हजार गांवों के गरीब परिवारों को केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ते हुए तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाते हुए बीपीएल श्रेणी से ऊपर लाया जाएगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के तहत सीलू घाट पर नर्मदेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन किए तथा मां नर्मदा की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती करते हुए प्रदेश की खुशहाली एवं सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर स्थित वाटिका में पीपल का पौधा लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर ‘वंदे गंगा’ जल संरक्षण-जन अभियान के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंच रहा है तथा उनके प्रयासों से यह जन आंदोलन बन रहा है। उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री के.के. बिश्नोई ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में जल एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस वर्ष 10 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, सांसद लुम्बाराम चौधरी, विधायक जीवाराम चौधरी एवं छगनसिंह राजपुरोहित सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।