वसुंधरा राजे की केंद्रीय राजनीति में एंट्री, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया

जयपुर। शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा की ओर से कार्यकारिणी की घोषणा की गई। पूर्व मुख्यमंत्री राजे के अलावा इस कार्यकारिणी में राजस्थान से तीन अन्य नेताओं को शामिल किया गया है। राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाने के अलावा सांसद भूपेन्द्र यादव को राष्ट्रीय महामंत्री, डॉ. अल्का गुर्जर को राष्ट्रीय मंत्री तथा सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को राष्ट्रीय प्रवक्ताओं की सूची में शामिल किया गया है।

विधानसभा चुनावों के बाद से ही प्रदेश की सक्रिय राजनीति से दूर रही पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के अलावा भारतीय जनता पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व ने बड़ा भरोसा जताया है। अब तक केन्द्र व राज्य की सियासत से दूर रही पूर्व मुख्यमंत्री राजे को भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया है।

राजस्थान की सियासत से दोबारा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के तौर पर केन्द्रीय धारा में लाई गई पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 1984 में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल हुई। इसके बाद वर्ष 1987 में उन्हें राजस्थान प्रदेश भाजपा की उपाध्यक्ष बनाया गया और 1998-1999 में अटल बिहारी वाजपेयी के मंत्रिमंडल में उन्हें जगह मिली। राजे को अक्टूबर 1999 में केंद्रीय मंत्रिमंडल में राज्यमंत्री के तौर पर स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया। शेखावत के उपराष्ट्रपति बनने के बाद उन्हें राजस्थान में भाजपा राज्य इकाई का अध्यक्ष बनाया गया। आठ दिसम्बर 2003 को वे राजस्थान की पहली महिला मुख्यमंत्री बनीं। वे चार बार विधायक और पांच बार लोकसभा की सदस्य रही हैं।